अंतर्राष्ट्रीय
27-Mar-2025
...


-स्थायी शांति की दिशा में काम करना समझौते का मुख्य लक्ष्य वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका ने रूस और यूक्रेन के बीच समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा लक्ष्यों पर हमले रोकने के लिए अलग-अलग समझौतों की मध्यस्थता की है। इस पहल के तहत वाशिंगटन ने मॉस्को के खिलाफ कुछ प्रतिबंधों को हटाने के लिए सहमति जताई है। व्हाइट हाउस के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य स्थायी शांति की दिशा में काम करना है। हालांकि, काला सागर सुरक्षा समझौते के प्रभावी होने की सटीक समय-सीमा स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में दोनों युद्धरत देशों के बीच पहली औपचारिक प्रतिबद्धता मानी जा रही है। ट्रंप यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और रूस के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कीव और यूरोपीय देशों में चिंता बढ़ गई है। अमेरिका ने रूस के साथ हुए समझौते के तहत रूसी कृषि और उर्वरक निर्यात पर लगे कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने में मदद करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके तुरंत बाद, क्रेमलिन ने बयान दिया कि जब तक कुछ रूसी बैंकों के अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से संबंध बहाल नहीं होते, तब तक काला सागर समझौता प्रभावी नहीं होगा। इस पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि युद्धविराम समझौतों को प्रभावी होने के लिए किसी प्रतिबंध हटाने की आवश्यकता नहीं है और इसे तुरंत लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने रूस पर समझौते को तोड़ने और उसमें हेरफेर करने का आरोप लगाया। अपने वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा, कि वे पहले ही समझौतों को विकृत करने का प्रयास कर रहे हैं। वे हमारे मध्यस्थों और पूरी दुनिया को धोखा देना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर रूस ने समझौते का उल्लंघन किया तो वह ट्रंप से अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने और यूक्रेन को और अधिक सैन्य सहायता देने का अनुरोध करेंगे।वहीं दूसरी तरफ रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संदेह जताया है कि कीव समझौते का पालन भी करेगा या नहीं। उन्होंने कहा, हमें स्पष्ट गारंटी चाहिए और यह केवल वाशिंगटन द्वारा दिए गए आदेश से ही संभव है। रुस चाह रहा युद्ध समाप्त करना : ट्रंप एक साक्षात्कार के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वीकार किया कि रूस युद्ध समाप्त करने में देरी कर सकता है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि रूस इसे समाप्त करना चाहता है, लेकिन वे शायद इसमें देरी कर रहे हैं। अगर यह समझौता लागू होता है, तो यह यूक्रेन युद्ध में व्यापक युद्धविराम की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे पहले पुतिन ने 30 दिनों के युद्धविराम के ट्रंप के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था, जिसका यूक्रेन ने समर्थन किया था। हिदायत/ईएमएस 27 मार्च 2025