मनोरंजन
27-Mar-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी एवं क्रिकेटर केएल राहुल के घर खुशियों ने दस्तक दी है। दोनों एक क्यूट बेबी के माता-पिता बन गए हैं। इस खास मौके पर अथिया के पिता और बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी बेहद भावुक नजर आए। वहीं, उनके भाई अहान शेट्टी ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। बेटी के जन्म की जानकारी साझा करते हुए केएल राहुल और अथिया शेट्टी ने एक खूबसूरत पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी नन्ही परी के आने की खुशी जताई। इस पोस्ट पर सुनील शेट्टी ने काले दिल और बुरी नजर से बचाने वाली इमोजी के साथ कमेंट किया। यह दर्शाता है कि नाना बनने की खुशी उनके दिल के कितनी करीब है। अहान शेट्टी ने भी अपनी बहन और जीजा को बधाई देते हुए पोस्ट पर रिएक्ट किया। बेटी के जन्म के बाद से पूरा परिवार जश्न के मूड में है और इस खुशी को अपने करीबियों के साथ साझा कर रहा है। जैसे ही इस खबर की घोषणा हुई, वैसे ही खेल और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने इस जोड़े को बधाई दी। अर्जुन कपूर, कियारा आडवाणी, अनन्या पांडे, परिणीति चोपड़ा, मसाबा गुप्ता, करिश्मा कपूर, मलाइका अरोड़ा, टाइगर श्रॉफ, ईशा गुप्ता, सोनाक्षी सिन्हा, धनश्री वर्मा, शिखर धवन और सूर्यकुमार यादव सहित कई सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं भेजीं। केएल राहुल और अथिया शेट्टी ने 23 जनवरी 2023 को शादी की थी। यह शादी काफी चर्चा में रही थी और इसे परिवार और कुछ करीबी दोस्तों की मौजूदगी में संपन्न किया गया था। शादी के दो साल बाद, अब दोनों ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। पिछले साल नवंबर में उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी, जिसके बाद से फैंस इस खास पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। प्रेग्नेंसी के दौरान अथिया अधिकतर समय अपने पति केएल राहुल के साथ ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट सीरीज के दौरान रहीं। प्रेग्नेंसी के अंतिम महीनों में उन्होंने अधिकतर समय अपने परिवार के साथ बिताया। अब बेटी के जन्म के चलते केएल राहुल आईपीएल के शुरुआती मैचों में सीमित समय के लिए ही नजर आएंगे, ताकि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ अधिक से अधिक समय बिता सकें। इस खुशखबरी को दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए साझा किया, जिसके बाद सेलेब्रिटी और फैंस की ओर से उन्हें बधाइयां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। सुदामा/ईएमएस 27 मार्च 2025