राज्य
25-Mar-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के नए बजट में बीजेपी ने 1 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया है, जो आम आदमी पार्टी के बजट से कहीं अधिक है। इस बजट में महिलाओं के कल्याण, यमुना की सफाई, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत योजना को बजट में प्रमुखता से स्थान मिला है। दिल्ली की सत्ता में 27 साल के बाद लौटी बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल की सियासत से भी बड़ी सियासी रेखा खींचने की कवायद की है। सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया, जो केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सरकार से करीब 22 हजार करोड़ रुपए ज्यादा है। रेखा सरकार ने अपने भारी-भरकम बजट के जरिए बिजली, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर देने के साथ-साथ यमुना की सफाई और दिल्ली में गौशाला बनाने का भी प्रवाधान रखा। रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार ने अपने पहले ही बजट के जरिए केजरीवाल की सियासी ताकत को काउंटर करने का दांव चला है। साथ ही 2025 के चुनाव में किए गए वादों को जमीन पर उतराने की कवायद भी मानी जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बीजेपी सरकार ने अपने बजट में आम आदमी पार्टी की सरकार के 15000 करोड़ रुपए की तुलना में 28000 करोड़ रुपए कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए आवंटित किया है। बजट में इस बार पूंजीगत खर्चों को दोगुना कर दिया है। इसे बढ़ाकर 28 हजार करोड़ रुपए किया है और यह राशि सड़क से लेकर शिक्षा क्षेत्र में खर्च की जाएगी। दिल्ली की महिलाओं पर रेखा सरकार मेहरबान नजर आई। सीएम रेखा गुप्ता ने बजट में महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिससे दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे। रेखा गुप्ता ने मातृत्व वंदन परियोजना के लिए 210 करोड़ रुपए का प्रावधान किया। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को एकमुश्त 21 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली में महिला सुरक्षा के लिए 50 हजार अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे। आम आदमी पार्टी लगातार बीजेपी पर महिलाओं को 2500 रुपए देने का दबाव बना रही थी, जिसे रेखा गुप्ता ने अपने पहले ही बजट के जरिए जमीनी स्तर पर लागू करने का दांव चला है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/25/मार्च /2025