ट्रेंडिंग
25-Mar-2025
...


-सीएम रेखा गुप्ता ने बीजेपी सरकार का एक लाख करोड़ का पहला बजट किया पेश नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1,00,000 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह 27 सालों में दिल्ली में बीजेपी सरकार द्वारा प्रस्तुत किया पहला बजट है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपना बजट भाषण शुरू करते हुए कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है। यह साधारण बजट नहीं हैं। दिल्ली की नई सरकार जो ऐतिहासिक जनादेश के साथ सत्ता में आई है, वह अपना पहला बजट पेश कर रही है। पूरा देश आज दिल्ली का बजट देखना चाहता है। ये केवल सरकारी लेखा-जोखा नहीं है बल्कि 10 साल से बेहाल दिल्ली को विकसित बनाने का बजट है। बजट में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और प्रदूषण नियंत्रण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने बजट के लिए जनता से सुझाव मांगे थे, जिसमें ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए 10 हजार से ज्यादा सुझाव आए। सीएम गुप्ता ने जेजे कॉलोनी झुग्गी बस्तियों का विकास के विकास के लिए 696 करोड़ रुश्पए आवंटित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 20 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं इसके आलावा सरकार 100 स्थानों पर अटल कैंटीन खोलेगी जिसके लिए बजट में 100 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 50 हजार अतिरिक्त सीसीटीवी लगाए जाएंगे। दिल्ली के सड़क परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास और एनसीआर के साथ कनेक्टिविटी पर एक हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पेश बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ ही 10 फोकस एरिया को चिह्नित किया गया है। इसमें बिजली, पानी, और सड़क का विकास का शामिल है। सीएम रेखा ने कहा कि 2025-26 के बजट में इंफ्रा प्रोजेक्ट के लिए दिल्ली सरकार ने एक हजार करोड़ रुपए का आवंटन किया है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली को नया रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीएम ने कहा कि दिल्ली के बुनियादी ढांचे को हमारी सरकार मजबूत करके राष्ट्रीय राजधानी के तेज विकास की रफ्तार सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि 28 हजार करोड़ के पूंजीगत व्यय से बीजेपी सरकार दिल्ली में सड़क, पुल, जल निकासी, ट्रांसपोर्ट और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में व्यापक सुधार कराएगी। यह बजट दिल्ली को एक स्मार्ट और आधुनिक शहर में बदलने की दिशा में मजबूत कदम है। दिल्ली सरकार के बजट में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लिए 2,144 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। इसके तहत दिल्ली में पात्र लोगों को 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज दिया जाएगा, इसमें 5 लाख रुपए केंद्र सरकार और 5 लाख रुपए दिल्ली सरकार देगी। सीएम रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में दिल्ली की महिलाओं के लिए महत्वकांक्षी योजना का ऐलान किया है। उन्होंने सदन को बताया कि महिला समृद्धि योजना के लिए बजट में 5100 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। बता दें कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में दिल्ली के महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक मदद देने का वादा किया था। सीएम रेखा ने कहा कि पिछली सरकार में सड़कों पर बहता सीवर का पानी दिल्ली की पहचान बन चुकी थी। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि यकीन हो तो कोई रास्ता निकलता है, हवा की ओट लेकर भी दिया जलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने अपने बजट में आम आदमी पार्टी की सरकार के 15000 करोड़ रुपए की तुलना में 28000 करोड़ रुपए कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए आवंटित किया है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि पहली बार दिल्ली के इतिहास में ऐसा हुआ कि 2024 25 में बजट घटा। इस बार दिल्ली सरकार का बजट एक लाख करोड़ का है। पिछले साल की तुलना में 31.5 ज्यादा बजट है। दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय पिछली सरकार में देश की तुलना में कम गति से बढ़ी। आप सरकार की इच्छा शक्ति काफी कम थी, वह ना खर्च कर पाई और ना लोगों की आय बढ़ा पाई। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में विकास के हर पैमाने पर दिल्ली फिसलती गई। यमुना की सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और वायु प्रदूषण खत्म करने के लिए कोई काम नहीं हुआ। पिछली सरकार की नीतियों की वजह से जनता परेशान होती रही। सिराज/ईएमएस 25मार्च25