-घटना से आक्रोषित ब्राह्मणों ने लगाया जाम कुरुक्षेत्र,(ईएमएस)। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडिया महायज्ञ के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। यज्ञ संपन्न करवा रहे ब्राह्मणों के बीच विवाद के चलते लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई, जिसमें दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। इस घटना में कई अन्य के घायल होने की बात कही जा रही है। घटना के सम्बंध में प्राप्त जानकारी अनुसार, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान लाठी-डंडे और गोलियां चल गईें। इसमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ निवासी आशीष तिवारी को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जांघ में गोली लगी, जिसके बाद लोक नायक जय प्रकाश नागरिक अस्पताल में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दूसरा घायल युवक प्रिंस लखीमपुर खीरी का रहने वाला है, जिसे सिर पर पत्थर लगने से चोट आई है। भोजन को लेकर हुआ विवाद इस विवाद की वजह भोजन बताया जा रहा है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे यज्ञ में शामिल ब्राह्मणों को बासी भोजन दिए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि यज्ञ आयोजकों ने अपने सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर ब्राह्मणों पर लाठियां चलवा दीं। इस दौरान बाबा के बाउंसरों ने गोलियां चलाईं, जिससे भगदड़ मच गई। इसमें 2 युवक बुरी तरह जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। सड़क पर उतरे नाराज ब्राह्मण इस घटना से गुस्साए ब्राह्मणों ने कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने थीम पार्क के सामने पथराव किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने भी सख्ती दिखाई और सड़क जाम को खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में महायज्ञ के लिए अलग-अलग राज्यों से आए ब्राह्मण इस घटना के बाद काफी नाराज हैं। हिदायत/ईएमएस 22मार्च25