राज्य
19-Mar-2025


खूंटी(ईएमएस)।कर्रा प्रखंड के जरियागढ़़ वन क्षेत्र अंतर्गत बड़का रेगरे के बगीचा टोली में बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे जंगली हाथी द्वारा घर के दीवार को ध्वस्त कर दिया गया जिससे घर में सो रहा मात्र 9 दिन के नवजात शिशु की मौत हो गयी। बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे जंगली हाथी बड़का रेगरे के बगीचा टोली के विष्णु सिंह के घर के दीवार को ध्वस्त कर दिया. जिससे विष्णु सिंह कि पत्नी सुषमा देवी अपने 9 दिन के बच्चे करण सिंह के साथ सो रही थी उसी क्रम में जंगली हाथी द्वारा घर का दीवार धंसने पर मलबे में दब कर अंदर सो रहे 9 दिन का नवजात शिशु करण सिंह दीवार मे दब गया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना में सुषमा देवी भी घायल हो गई जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा में इलाज कराया गया. घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा पंचायत मुखिया पूनम बारला को दिया गया. जिसके द्वारा वन विभाग को इसकी जानकारी दी गयी. वन विभाग द्वारा घटना स्थल पहुंचकर घटना का जायजा लिया गया और परिजनों को तत्काल पच्चीस हजार की सहायता राशि दी गयी। घटना की जानकारी मिलने पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, मीडिया प्रभारी राहुल केसरी अपने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे। मृतक के परिजनों से मिलकर उसका ढांढ़स बनाया और कहा कि आपकी इस दु:ख की घड़ी में हम सभी आपके साथ है। विधायक के द्वारा परिजनों को सहायता राशि और राशन दिया गया। घटना की जानकारी पर प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेसिया भी गांव पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवास के साथ अन्य सरकारी लाभ देने की बात कही। घटना के बाद से पूरे गांव में गम और मातम का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है आए दिन जंगली हाथी द्वारा ग्रामीणों को नुकसान होता रहा है जिससे आए दिन जान माल का खतरा होता रहा है ग्रामीणों ने वन विभाग से इसकी रोकथाम के लिए बेहतर कार्य करने की गुहार लगाई है। कर्मवीर सिंह/19मार्च25