पश्चिमी विक्षोप से मौसम के मिजाज प्रभावित होने की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। पूर्वी मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है| पश्चिमी विक्षोप से बने चक्रवात के प्रभाव से 19 से 20 मार्च के बीच जबलपुर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 19 मार्च को जबलपुर, सागर और शहडोल संभाग में बादल, बारिश, गरज-चमक और आंधी के आसार है। यहां 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 20 मार्च को दमोह, कटनी, उमरिया-शहडोल में आंधी, गरज-चमक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है, उससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान एवं उससे लगे हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात और उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में भी एक चक्रवात है, जिससे हवा का रूख बदला हुआ है और नमी आ रही है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोप के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में आंशिक गिरावट आई है| पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 33.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17.00 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमीं प्रात:काल 46 प्रतिशत और सायंकाल 37 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 6 बजकर 14 मिनिट पर और सूर्यास्त शाम 6 बजकर 21 मिनिट पर हुआ। प्रदेश में सबसे अधिक 37.2 डिग्री तापमान नर्मदापुरम और खरगौन जिले में दर्ज किया गया। सबसे कम 12.09 डिग्री तापमान शाजापुर जिले में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर-पूर्वी हवायें 4 से 5 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 32.04 और न्यूनतम तापमान 19.00 डिग्री दर्ज किया गया था। सुनील साहू / मोनिका /18 मार्च 2025/ 06.18