राज्य
18-Mar-2025


किया संविधान व सर्विस कन्डक्ट रूल्स का उल्लंघन और अपमान भोपाल(ईएमएस)। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रम में शामिल होकर और उनके रंग में रंगकर ग्वालियर जिले की कलेक्टर और नगर निगम के आयुक्त ने भारतीय संविधान ही नहीं बल्कि सर्विस कन्डक्ट रूल्स का उल्लंघन और अपमान भी किया है। जिसके तहत एक शासकीय सेवक की प्रतिबद्धता भारतीय संविधान और कानून के प्रति होनी चाहिए। जिसकी नजरों में विभिन्न विचारों, विश्वासों, भाषाओं और धर्मों को मानने वाले नागरिक एक समान हैं l कानून की नजरों में लिंग के आधार पर भी किसी नागरिक से भेदभाव नहीं होगा। मगर इन अधिकारियों की राजनीतिक निष्ठा इनकी शासकीय जिम्मेदारियों और सार्वजनिक आचरण पर प्रश्नचिन्ह लगाती है l मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने उक्त बयान जारी करते हुए कहा है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 309 में सिविल सर्विसेस रूल्स का उल्लेख है I इन्हें और स्पष्ट करने के लिए 2010 में भारत सरकार ने सर्विसेस स्टैंडर्ड परफॉर्मेंस एंड एकांउंटीबिलिटी बिल भी पारित किया है| जाहिर है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के इन अधिकारियों को इसकी जानकारी होगी | माकपा नेता ने कहा है कि आरएसएस की शाखाओं में शासकीय कर्मचारियों को जाने की अनुमति देकर भाजपा सरकार पहले ही प्रशासन में संघ की साम्प्रदायिक घुसपैठ कर चुकी है I मगर वरिष्ठ अधिकारियों का भाजपा कार्यक्रम में जाना चिंता का विषय है क्योंकि दोनों ही अधिकारी ऐसे पद पर हैं, जिनका जनता से सीधा वास्ता पड़ता है l इनके इस आचरण से जनता में इनकी निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है l मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने मुख्य सचिव से इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ़ कार्यवाही करने और इन्हें तुरंत पद से हटाने की मांग की है l हरि प्रसाद पाल / 18 मार्च, 2025