नागपुर (ईएमएस)। औरंगजेब कब्र विवाद को लेकर महाराष्ट्र के नागपुर में दो गुटों में पथराव के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी। वहीं कई लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के मध्य नागपुर में दो गुटों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के लोगों द्वारा एक-दूसरे पर पथराव किया गया। आगजनी की गई। कई गाड़ियों में तोड़-फोड़ भी हुई। जिसके बाद यहां पुलिस को लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को खदेड़ना पड़ा। फिलहाल इलाके में भारी तनाव है। जिसको देखते हुए पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई है। बताया गया कि औरंगजेब कब्र विवाद में सोमवार को महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन किया था। नागपुर में भी इसी के तहत औरंगजेब का पुतला जलाया गया था। जिसके बाद दो गुट के लोगों में झड़प हो गई। फिर दोनों ओर से पथराव और आगजनी शुरू हो गई। नागपुर के महल इलाके में पत्थर और तनावपूर्ण स्थिति बनाई जाती है। नागपुर में भड़की हिंसा पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से शांति की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन स्थिति को संभाल रही है। मुख्यमंत्री ने अपील की है कि नागरिकों को इस स्थिति में प्रशासन के साथ सहयोग करना चाहिए। हम लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में हैं। नागरिकों को सहयोग करना चाहिए। किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करें। प्रशासन मुस्तैदी से स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है। ज्ञात रहे कि महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र को लेकर घमासान मचा है। विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की है। इस मांग को लेकर सोमवार को महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इधर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि औरंगजेब की विचारधारा को बढ़ाने वाले कुचल दिए जाएंगे।