पश्चिमी विक्षोप के असर से बदल रहा मौसम जबलपुर, (ईएमएस)। एक बार फिर पश्चिमी विक्षोप के प्रभाव से मौसम करवट ले रहा है| सोमवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद सोमवार को दिन के तापमान में आंशिक गिरावट आई, जबकि रात के तापमान में वृद्धि देखी गई| मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोप के असर से अगले 5 दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल बादलों की आवाजाही के बीच अगले 4-5 दिन तक बारिश, बादल के आसार बन रहे है| जबलपुर सहित संभाग के जिलों में मौसम कुछ इसी तरह रहेगा| स्थानीय मौसम वैज्ञानिक केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोप के असर से पूर्वी मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले 4 दिनों तक मौसम में व्यापक बदलाव देखने मिलेगा। इधर कल शाम से हल्की हवाओं के साथ आसमान पर छाए बादलों ने सुबह कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी की। स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोप के साथ चल रहीं उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण पूर्वी मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में 22 मार्च तक मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, बूंदाबांदी या कहीं-कही तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 33.09 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 19.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 48 प्रतिशत और सायंकाल 31 प्रतिशत आंकी गई। उत्तरी पश्चिमी हवाओं की रफ्तार 4 से 5 किमी प्रति घंटे की रही। सूर्योदय सुबह 06.15 बजे हुआ, जबकि सूर्यास्त 06.20 बजे हुआ। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 38.05 मंडला और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.08 डिग्री शाजापुर जिले में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 33.01 और न्यूनतम तापमान 19.06 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान जिले मे मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुनील साहू / मोनिका /17 मार्च 2025/ 06.00