- भागने के दौरान हुआ घायल, लोगों ने पकड़ा सिवान, (ईएमएस)। बिहार के सिवान में एक पुलिस कर्मी द्वारा महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यह मामला सिसवन थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि सिवान पुलिस का एक सिपाही अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में छत के सहारे घुस गया। यह पीड़ित महिला का मायका है, जहां वह पिछले कुछ दिनों से रह रही थी। पीड़ित महिला के घर के सभी लोग किसी काम से कहीं गए हुए थे। महिला अकेले अपने मायके में थी, तभी मौका पाकर पुलिसकर्मी छत के सहारे घर में घुस गया। उसके बाद जबरन वह महिला के साथ दुष्कर्म करने लगा। इस बीच चीख पुकार की आवाज सुनकर जब घर वाले आए तो पुलिसकर्मी भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वह छत से कूद गया और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सिपाही को पकड़ कर महिला थाने के हवाले कर दिया। महिला थाना ने पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पैर फ्रैक्चर होने के कारण उसे इलाज के लिए सिवान के सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। संतोष झा- १७ मार्च/२०२५/ईएमएस
processing please wait...