राज्य
16-Mar-2025
...


जगह-जगह आयोजित हुए होली मिलन समारोह, अधिकारियों-नेताओं ने मनाया त्योहार अशोकनरग (ईएमएस)। जिलेभर में रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रंग गुलाल से सराबोर होकर निकले होलियारो ने दो दिन तक खूब मस्ती की व रंग, गुलाल उड़ाया। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे पर रंग बरसाया और होली की शुभकामनाएं दीं। होली का उत्साह खाश तौर पर बच्चों में देखने को मिला। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर युवाओं की टोलियां होली का हुड़दंग करते हुए देखी गईं। शुक्रवार को सुबह से ही लोग एक दूसरे को रंग लगाते हुए देखे गए। होलियारों की टोलियां दिन भर वाहनों पर तो कभी पैदल नगर में घूमती रहीं। युवाओं द्वारा गली मोहल्ला एवं शहर के मुख्य चौराहों पर डीजे की धुन पर झूमते हुए रंगों की बरसात करते हुए होली का पर्व मनाया। विभिन्न संगठनों द्वारा भी होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा बच्चे दिनभर रंग बिरंगी पिचकारियें हाथो में लिए गलियों, मोहल्लो में घूमते अपने मित्रों पर रंग डालते हुए देखे गए। सुबह से लेकर देर शाम तक होली खेलने का दौर चलता रहा। मोहल्लों और कालोनियों में भी महिलाओं और युवतियों ने होली का खास लुप्त उठाया। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी रंगों का पर्व होली उत्सव पूर्वक मनाया गया। शहर में बुजुर्गों की टोली उन घरों में पहुँची जहाँ पर अनरई की होली थीं। परम्परा अनुसार सभी ने घरों के सदस्यों को रंग गुलाल लगाकर उनके दु:ख में सहभागिता जताई। युगल सरकार मंदिर में फूलों की होली: शहर के बाईपास रोड स्थित श्री कृष्णा संस्थान के युगल सरकार मंदिर में भी होली की धूम रही। यहां सभी समाजों के लोग एकत्र हुए। टेसू के फूलों से प्राकृतिक रंग बनाकर एक-दूसरे को लगाया गया। कलेक्टर बंगले पर मनी होली: कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी के बंगले पर रविवार सुबह 9:30 बजे से अधिकारियों का जमावड़ा लगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ होली खेली और होली के गीतों पर झूमे। पुलिसकर्मियों ने मनाई होली: होली के अगले दिन शनिवार को पुलिस विभाग ने उत्साह के साथ होली का त्योहार मनाया। सिटी कोतवाली थाना और एसडीओपी कार्यालय में रंगों की बहार देखने को मिली। एएसपी गजेंद्र सिंह कंवर, एसडीओपी विवेक शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष शर्मा समेत सभी जवान कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। पुलिसकर्मियों ने होली के गीतों पर जमकर नृत्य भी किया। शुक्रवार को होली के दिन पुलिसकर्मी सुबह से रात तक शहर की सुरक्षा में तैनात रहे। चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी रखी गई। एसडीओपी कार्यालय में पुलिस अधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे पर रंग-गुलाल लगाया और होली के गीतों पर आनंद मनाया। ईएमएस / दिनांक 16/3/025