-लोडिंग ऑटो में फंसकर 200 मीटर तक घिसट गया था मृतक भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के अशोका गार्डन थाना इलाके में रंग डालने को लेकर हुए विवाद में युवक की दर्दनाक मौत हो जाने की घटना सामने आई है। यहां स्थित सुभाष कॉलोनी में होली के दिन रंग डालने को लेकर कुछ युवकों का एक लोडिंग वाहन ड्राइवर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने उसपर हमला कर दिया। ड्राइवर वाहन को तेजी से लेकर भाग रहा था, इसी बीच एक युवक वाहन की चपेट में आकर फंस गया। भाग रहा चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए चला गया। टायर में फंसने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में एक्सिडेंट सामने आया है, लेकिन मामले में हत्या और हिट एंड रन के एंगल से जांच की जा रही है। थाना पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र सिंह उर्फ अप्पू (27) सुभाष कॉलोनी अशोका गार्डन में रहता था। वह सुभाष नगर स्थित एक फर्नीचर शोरूम में काम करता था। शैलेंद्र की 5 मई को शादी होने वाली थी। उसके परिवार में बड़ी बहन और एक बड़ा भाई है। दोनों की शादी हो चुकी है। भाई आर्मी में है। शैलेंद्र अपने दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम को घर के बाहर होली खेल रहा था। तभी वहां से एक लोडिंग वाहन गुजरा। युवकों ने उसके चालक को कलर लगा दिया। इस बात से नाराज होकर चालक ने उनसे विवाद करना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे शांत कराया और जाने के लिए कहा। तब वह आगे की ओर बढ़ा और तेजी से गाड़ी को रिवर्स करने लगा। यह देख सभी इधर-उधर हो गए, लेकिन शैलेंद्र इसकी चपेट में आ गया। सभी ने शोर मचाया। इसके बाद आरोपी चालक ने तेजी से भागने का प्रयास किया। वह तेज रफ्तार में वाहन चलाने लगा। टक्कर लगने के बाद शैलेंद्र अगले पहिए और मड फ्लैप के बीच के गैप में फंस गया ड्राइवर करीब 200 मीटर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। आगे जाकर लोडिंग वाहन स्पीड ब्रेकर पर स्लो हुआ तब शैलेंद्र वाहन से बाहर निकल आया वही द ड्राईवर फरार हो गया। दोस्तों ने शैलेंद्र को बेसुध हालात में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है, कि शैलेंद्र की मौत एक्सिडेंट होने से हुई है। कुछ लड़के बीच सड़क पर डांस कर रहे थे, वहां से जब लोडिंग वाहन निकला तो उसने हार्न बजाया तो युवक सड़क से हटे नहीं। विवाद की बात भी सामने आई है, लोगों ने बताया लोडिंग ड्राइवर को युवक मारने दौड़े थे, जब ड्राइवर वाहन लेकर भागा तो युवक के ऊपर गाड़ी चढ गई। फिलहाल पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। जुनेद / 15 मार्च