पटना/मुंगेर, (ईएमएस)। बिहार में बीते तीन दिन के अंदर अंदर दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद जहाँ सियासी हंगामा मचा हुआ है वहीं राज्य सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से कहा है कि अगर एनकाउंटर की जरूरत हो तो करो, सरकार की ओर से खुली छूट है। दरअसल अररिया में एएसआई की हत्या के बाद मुंगेर में एक और एएसआई की हत्या कर दी गई। हालांकि प्रशासन ने मुंगेर के एएसआई की हत्या के मुख्य आरोपी गुड्डु यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच बिहार में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि यह दुखद है। सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी। हम सुशासन के लिए सरकार में आए हैं और हर हाल में एक्शन होगा। आज बहुत हद तक माफिया पर अंकुश लगा है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित करके वे जिस भाषा में समझेंगे, उसी भाषा में प्रशासन समझाए। एनकाउंटर की जरूरत हो तो करे। सरकार की ओर से खुली छूट है। - मृत एएसआई को दिया गया गॉर्ड ऑफ ऑनर इस बीच, मुंगेर पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों ने एएसआई संतोष कुमार सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी। आरक्षी उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह एवं एसपी सैयद इमरान मसूद ने अपने साथी पुलिस जवानों के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया और फिर एएसआई का अंतिम संस्कार किया गया। इस दरम्यान सभी पुलिस जवानों की आंखें नम थी। एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि हमने एक मजबूत सिपाही खोया है। संतोष झा- १५ मार्च/२०२५/ईएमएस