राज्य
15-Mar-2025


सूरत (ईएमएस)| शहर के कतारगाम क्षेत्र में बीती रात अपनी माता के साथ सो रही 6 साल की मासूम बच्ची का किसी अज्ञात शख्स ने अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया| रात करीब 1.30 बजे बच्ची के गंभीर हालत में मिलने के बाद आज सुबह सूरत के स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया| घटना सामने आने के बाद पुलिस समेत क्राइम ब्रांच आरोपी की तलाश में जुट गई हैं| जानकारी के मुताबिक सूरत के कतारगाम क्षेत्र में श्रमिक परिवार की 6 वर्षीय बच्ची अपनी माता के साथ शुक्रवार की रात सो रही थी| रात करीब 11 बजे किसी अज्ञात शख्स ने माता के साथ सो रही बच्ची का मुंह दबाया और उसे उठाकर फरार हो गया| किसी अज्ञात जगह पर शख्स ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया| देर रात करीब 1.30 बजे बच्ची गंभीर हालत में अपनी माता के पास पहुंची और बताया कि उसे गुप्तांग में दर्द हो रहा है| आज सुबह होते ही मां अपनी बेटी को लेकर स्मीमेर अस्पताल पहुंची| जहां बच्ची की जांच कर चिकित्सक उसकी हालत देख चौंक उठे| बच्ची के प्राइवेट पार्ट से लहू निकल रहा था और उसके साथ दुष्कर्म होने का खुलासा होते ही चिकित्सक ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दे दी| सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई| पुलिस के आला अफसर समेत क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुट गई| आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस शहर के गजेरा सर्कल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है| दूसरी ओर एफएसएल ने भी सबूत जुटाने की कवायद शुरू की है| आरोपी ने बच्ची का अपहरण करने के बाद उसके साथ कहां दुष्कर्म किया, इसका पता नहीं चला है| फिलहाल पीड़ित बच्ची का सूरत के स्मीमेर अस्पताल में इलाज चल रहा है| सतीश/15 मार्च