नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में होली के दिन बाइक सवार बदमाशों द्वारा रोडरेज में एक युवक पर बोतल से हमला कर गला काटने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के अंदर इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (ईस्ट) अभिषेक धानिया ने बताया कि 14 मार्च 25 को कल्याणपुरी थाने में एक पीसीआर कॉल आई थी कि पल्सर बाइक दो सवार लड़के आए, एक युवक आशीष पर बोतल से हमला किया और फिर गला काट दिया है। इसके बाद आरोपी गाजियाबाद के राज नगर की ओर भाग गए। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय पुलिस कॉल पर तुरंत मैक्स अस्पताल पहुंची, जहां घायल आशीष को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी और पुलिस को कॉल करने वाले युवक विकास ने पुलिस को बताया कि वह और उसका दोस्त मृतक आशीष के साथ होली खेलने के बाद खोड़ा की ओर जा रहे थे। जब वे एनएच-24 कट पार कर रहे थे, तो मंडावली की ओर से आ रहे बाइक सवार दो लड़कों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़े। इसके चलते उनके बीच बहस होने लगी। इसके बाद बाइक चला रहे लड़के ने अपनी जेब से एक शराब की बोतल (क्वार्टर) निकाली और आशीष के सिर पर दे मारी। इससे बोतल टूट गई, फिर उसने बोतल के टूटे हुए टुकड़े से आशीष की गर्दन पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से भाग गए। घायल हालत में आशीष को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/15/मार्च /2025