मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार के मधुबनी जिले में होली का रंग छुड़ाने तालाब में नहाने गई 4 लड़कियों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई, मरने वालों में दो सगी बहनें हैं। यह घटना मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र के दहिला गांव की है। इस घटना के बाद गाँव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे होली खेलने के बाद दहिला गांव की काजल कुमारी (18), चंदा देवी (20), अनु कुमारी (19) तथा लाखन कुमारी (18) तालाब में नहाने गईं थी। उसी दौरान दो लड़कियां डूबने लगीं। इन दोनों को बचाने के लिए अन्य दो लड़कियां भी तालाब में गईं लेकिन वो दोनों भी डूब गईं। आसपास के लोगों ने जब शोर मचाया तो अन्य ग्रामीण इकट्ठा हुए और बड़ी मुश्किल से सभी को तालाब से बाहर निकाला गया। मगर तब तक सभी चारों लड़कियों की मौत हो चुकी थी। इनमें काजल और चंदा सगी बहनें थी। उधर पुलिस ने सभी शवों को मधुबनी के सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया और आगे की जाँच पुलिस कर रही है। उधर हादसे के बाद दहिला गांव में एक साथ चार लड़कियों की मौत से मातम पसरा है। संतोष झा- १५ मार्च/२०२५/ईएमएस