मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई सेंट्रल, जो पिछले ढाई महीने से राज्य परिवहन के लिए बंद था, अब यातायात के लिए खोल दिया गया है। मुंबई सेंट्रल एसटी स्टेशन पर कंक्रीटिंग का काम पूरा हो गया है। इसके चलते सोमवार 17 मार्च से यहां से एसटी की बसें चलनी शुरू हो जाएगी। वर्तमान में, मुंबई सेंट्रल से रवाना होने वाली एसटी बसें कुर्ला नेहरू नगर, दादर, परेल और पनवेल स्टेशनों से चल रही हैं। बता दें कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) की निधि से यह काम पूरा किया जा रहा है। मुंबई सेंट्रल स्टेशन डिपो पर कंक्रीटिंग का काम 23 दिसंबर, 2024 को शुरू हुआ था और 13 मार्च को पूरा हुआ। कंक्रीटिंग के कारण, मुंबई सेंट्रल पर समाप्त होने वाली यात्राओं को अन्य बस स्टेशनों पर भेज दिया गया। एसटी महामंडल के मुंबई मंडल के मंडल नियंत्रक ने राज्य के सभी मंडल नियंत्रकों को इन मार्गों को फिर से शुरू करने और उन्हें मुंबई सेंट्रल तक चलाने और वहां से बसों को रवाना करने का निर्देश दिया है। - 1900 वर्ग मीटर जगह का कंक्रीटीकरण राज्य भर में एसटी के 183 बस डिपो क्षेत्रों को कंक्रीट करने का काम एमआईडीसी के फंड से किया जाएगा। इसके लिए एमआईडीसी के माध्यम से 600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मुंबई सेंट्रल डिपो के परिसर के 1,900 वर्ग मीटर क्षेत्र में कंक्रीट बिछाने पर 1.64 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। डिपो और बस स्टेशन क्षेत्र में कंक्रीट का काम चल रहा था, इसलिए मुंबई सेंट्रल से अपनी यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को परेल, दादर, कुर्ला और नेहरू नगर बस स्टेशनों पर जाना पड़ा। कई यात्रियों ने शिकायत की कि यह यात्रा कष्टदायक हो रही है। हालांकि अब यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं एसटी महामंडल के अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि कंक्रीट का काम होने से बस स्टेशन-डिपो क्षेत्र में गड्ढे, जलभराव और धूल जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा। स्वेता/संतोष झा- १५ मार्च/२०२५/ईएमएस