राज्य
15-Mar-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में शुक्रवार को रंगों की होली का आनंद लेते समय कुछ इलाकों में रंग फीके पड़ गए। दरअसल होली खेलने के दौरान 29 लोगों के घायल होने की खबर है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराना पड़ा। महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि इनमें चार लोगों को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। ज्ञात हो कि हर साल होली के त्यौहार के दौरान रंग खेलते समय लोगों के फिसलकर गिरने, नशे में बाइक से गिरने से दुर्घटनाएं होने तथा इस साल भी मामूली कारणों पर बहस होने की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसमें तिलक अस्पताल में 10 लोग इलाज के लिए आए जिसमें 2 लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। एक को टूटी हुई हड्डी का इलाज करवाना पड़ा, जबकि दूसरे को सर्जरी करवानी पड़ी। उधर दो मरीजों को नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें एक व्यक्ति नशे में गिरने से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति झगड़े में सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गया। वहीं केईएम अस्पताल में 7 लोग इलाज के लिए आए। हालांकि, मामूली चोटें आने के कारण सभी को प्राथमिक उपचार के लिए वहां भर्ती कर लिया गया। कूपर अस्पताल में भी 10 मामले सामने आए। लेकिन किसी को भी भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इन दुर्घटनाओं में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्वेता/संतोष झा- १५ मार्च/२०२५/ईएमएस