लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री तीस मार खां हैं क्योंकि उन्हें 30 से प्रेम है। मरे कितने 30, कारोबार कितना 30 करोड़, फायदा कितना होगा 30 गुना। आजकल जो बयानबाजी हो रही है वो जमीनी मुद्दों पर पर्दा डालने के लिए किया जा रहा है। यूपी में स्वास्थ्य व्यवस्था ठप है। लोगों को इलाज नहीं मिल रहा, पुलिस को ‘करप्ट’ बना दिया गया है। सपा मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर लिंक रोड 7000 करोड़ की बना रहे हैं। कानपुर-लखनऊ हाइवे निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार है। बीजेपी सबसे भ्रष्ट पार्टी है। शेयर बाजार डूब गया। पूरा बाजार बेच दिया। बीजेपी के लोगों की यूएसपी है झूठ बोलने की। होली को लेकर सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम साथ मिलकर रंगों का त्यौहार मनाते हैं। हम साथ मिलकर गंगा जमना तहजीब के साथ त्योहार बनाते हैं। हम त्योहार से जुड़े लोग हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अब पान पर चर्चा होगी। आज शिव दयाल चौरसिया की जयंती पर चौरसिया समाज का आभार प्रकट करता हूं और उनका धन्यवाद करता हूं जिन्होंने पार्टी कार्यालय में आकर शिव दयाल जी की जयंती को मनाया। चौरसिया समाज ने तय किया है की पान पर चर्चा होगी। पान की खेती, पान की खरीद और उससे जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। हमारी सरकार बनते ही रिवर फ्रंट पर शिव दयाल जी की याद में स्मारक बनाकर उन्हें सम्मान देंगे। कहा कि अब चौरसिया समाज पान पर चर्चा करके प्रदेश से भाजपा का सफाया करेगी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित, आदिवासी, आधी आबादी और तमाम हमारे अल्पसंख्यक भाई ये मन बना चुके हैं कि पीडीए की ताकत को आगे बढ़ाएंगे। अभी ये मुस्लिम समाज के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं। आने वाले समय में पीडीए समाज के खिलाफ नफरत फैलाएंगे। बीजेपी ने तो नई स्ट्रेटजी बनाई है कि किसी को वोट ही ना डालने दो।