क्षेत्रीय
12-Mar-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। रायपुर जिला पंचायत चुनाव की तारीखों में बार-बार बदलाव के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के संयुक्त महासचिव विनोद तिवारी ने बताया कि 23 फरवरी को तीसरे चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद 5 मार्च को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तारीख घोषित की गई थी। लेकिन प्रशासन ने 3 मार्च को चुनाव की तारीख को बदलकर 12 मार्च कर दी, और अब आज 12 मार्च को चुनाव को फिर से स्थगित कर 20 मार्च की नई तारीख घोषित कर दी गई। चुनाव स्थगित करने की खबर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हो गए और जमीन पर बैठकर घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एडीएम रायपुर ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत की और उन्हें आगामी चुनाव तिथि से अवगत कराया। उन्होंने समय पर चुनाव कराने का आश्वासन भी दिया। विनोद तिवारी ने भाजपा पर चुनाव में धांधली की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा के पास जिला पंचायत में बहुमत नहीं है, इसलिए वे बार-बार चुनाव की तारीख बढ़ा रहे हैं ताकि जोड़-तोड़ करके अपना अध्यक्ष बना सकें। लेकिन कांग्रेस के पास बहुमत है, इसलिए भाजपा घबराई हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 मार्च 2025