12-Mar-2025
...


ओरलैंडो (ईएमएस)। अमेरिका में एक चोर ने पुलिस से बचने के लिए 6 करोड़ रुपये के हीरे निगल लिए। जब पुलिस ने उसका स्कैन किया, तो जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया। यह घटना 26 फरवरी को अमेरिका के ओरलैंडो में घटी। यहां स्थित टिफनी एंड कंपनी नाम की मशहूर ज्वेलरी स्टोर में 32 वर्षीय जेथन लॉरेंस ग्लाइडर चोरी करने के इरादे से पहुंचा। उसने खुद की पहचान छुपाई और स्टोर के उस हिस्से में जा पहुंचा, जहां बेशकीमती हीरे रखे थे। मौके का फायदा उठाकर उसने हीरे की बालियां चुरा लीं। अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि वह इन बालियों को बाहर कैसे ले जाए। यहीं पर उसने एक ऐसा तरीका अपनाया, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई, उसने 6 करोड़ की हीरे की बालियां निगल लीं और मौके से फरार हो गया। जैसे ही चोरी की खबर पुलिस को मिली, उन्होंने चारों ओर सूचना फैला दी। आखिरकार, पुलिस ने उसे वॉशिंगटन काउंटी के इंटरस्टेट 10 हाइवे पर गिरफ्तार कर लिया। दिलचस्प बात यह थी कि ग्लाइडर के खिलाफ पहले से ही कोलोराडो में 48 अरेस्ट वारंट जारी थे। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल ले जाने की तैयारी की, तभी उसने अजीबोगरीब सवाल किया—क्या मुझे उस चीज़ के लिए गिरफ्तार किया जाएगा जो मेरे पेट में है? इस सवाल के बाद पुलिस को शक हुआ कि उसके शरीर के अंदर कुछ गड़बड़ है। तुरंत उसका स्कैन किया गया, जिससे पता चला कि उसने 6 करोड़ रुपये के हीरे निगल रखे थे। इससे पहले पुलिस को यह भी अंदाजा नहीं था कि उसने चोरी का माल खुद के शरीर के अंदर छुपा रखा है। 6 मार्च तक पुलिस इंतजार कर रही थी कि हीरे प्राकृतिक रूप से उसके शरीर से बाहर आ जाएं। ग्लाइडर इससे पहले भी 2022 में टेक्सास में टिफनी के एक स्टोर को लूट चुका था। सुदामा/ईएमएस 12 मार्च 2025