राज्य
11-Mar-2025
...


भोपाल (ईएमएस)। हरदा के विकास पुत्र, समाजसेवी, प्रखर पत्रकार, शिक्षाविद् एवं मध्यप्रदेश के यशस्वी पूर्व मंत्री विष्णु राजोरिया ने आज मंगलवार की शाम भोपाल के एक निजी अस्पताल में आखरी सांस ली। वे 83 वर्ष के थे। श्री राजोरिया ने अपने जीवन को एक कर्मयोगी की सदृश जिया। उन्होंने अपने जीवनकाल में तमाम शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। 6 दशक पहले मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठित मासिक शिखर वार्ता के साथ कॅरियर महाविद्यालय, कॅरियर अस्पताल एवं आदर्श प्रायवेट लिमिटेड की स्थापना की। वह शिखर वार्ता के संस्थापक संपादक भी रहे।इसके साथ ही मध्यप्रदेश की अनेक शैक्षणिक एवं सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सदस्य भी रहे। यह जानकारी श्री राजोरिया के बड़े पुत्र आशीष राजोरिया ने दी। उन्होंने बताया कि वह कुछ समय से बीमार थे उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। श्री राजोरिया के निधन पर मध्यप्रदेश कांग्रेस परिवार सहित हरदा क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन पर कांग्रेस, भाजपा एवं अन्य राजनीतिक दलों के अनेक वर्तमान मंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित तमाम नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक प्रकट किया। उनके मित्र एवं पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव ने गहरी शोक संवेदनाएं जताते हुए कहा कि विष्णु जी तीन दशक तक मध्य प्रदेश की राजनीति में बहुत सक्रिय रहे। वह अपने समय के दिग्गज कांग्रेसी नेता कहे जाते थे। 1970-80 के दशक में उन्होंने अपने हरदा क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया वह वहां के जननायक थे। श्री राजोरिया को देश-विदेश के तमाम सम्मान एवं पुरस्कार भी प्राप्त हुए। उनके छोटे बेटे मनीष राजोरिया ने बताया कि पूज्य पिताजी की इच्छानुसार परिजनों ने उनके नेत्रदान के संकल्प को पूरा किया। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास बी-244, शाहपुरा से सुबह 11 बजे सुभाष नगर स्थित विश्राम गृह के लिए प्रस्थान करेगी।