ज़रा हटके
11-Mar-2025
...


टोक्यो (ईएमएस)। जापान की राजधानी टोक्यो के रहने वाले 34 वर्षीय रयोता मियाहारा ने एक बेहद अनोखा अपराध किया। वह लोगों के घरों की चाभियों की डिटेल्स चुराकर ऑनलाइन उनकी डुप्लीकेट चाभी मंगा लेता था। इसके बाद, जब भी उसे मन करता, वह उन घरों में चुपके से घुस जाता, लेकिन चोरी करने के बजाय वहां आराम से समय बिताता था। मियाहारा ने ऐसा ही अपने साथ काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के घर के साथ किया। उसने चुपके से उसके पर्स से चाभी की डिटेल्स निकाल लीं और उसकी डुप्लीकेट चाभी बनवा ली। इसके बाद वह 2 महीनों में कुल 10 बार उसके घर में घुसा और उसे इस बात की भनक तक नहीं लगी। नए साल की रात को जब लड़की घर से बाहर थी, तो मियाहारा फिर से उसके घर में घुस गया। इस बार उसने देखा कि लड़की का सूटकेस नहीं है, तो उसे लगा कि वह बाहर गई होगी। मौके का फायदा उठाकर वह घर के सोफे पर बैठ गया और ढाई घंटे तक आराम से टीवी देखता रहा। इसी बीच पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, तो उसने एक बिल्कुल अनोखी वजह बताई। उसने कहा कि उसे लड़की का घर बहुत साफ-सुथरा और सुकून भरा लगता था, जहां वह आराम से सांस ले सकता था। यही वजह थी कि वह बार-बार वहां जाता था। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 15-20 चाभियां बरामद हुईं, जो अलग-अलग घरों, दुकानों और दफ्तरों की थीं। वह इसी तरह से नई-नई चाभियों की तलाश करता था और लोगों के घरों में घुसकर वहां समय बिताता था। इस घटना ने जापान में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि वहां ऑनलाइन डुप्लीकेट चाभियां आसानी से उपलब्ध हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। सुदामा/ईएमएस 11 मार्च 2025