मनोरंजन
11-Mar-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। बालीवुड अभिनेत्री कावेरी कपूर सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक प्रतिभाशाली गायिका, गीतकार और संगीतकार भी हैं। उनके नाम पहले से ही चार म्यूजिक वीडियो दर्ज हैं, और हाल ही में उन्होंने अपना पांचवां गाना एक धागा तोड़ा मैंने रिलीज़ किया। खास बात यह है कि यह गीत उन्होंने महज 15 साल की उम्र में अंग्रेज़ी में लिखा था। कावेरी की प्रतिभा को पहचानते हुए मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान ने इस ट्रैक को प्रोड्यूस किया और उनकी गायकी की जमकर सराहना की। इतनी कम उम्र में इतनी उपलब्धियों के साथ, कावेरी को रचनात्मकता, जुनून और प्रतिभा का प्रतीक माना जाना स्वाभाविक है। उनकी यात्रा मेहनत, लगन और धैर्य का प्रमाण है, जिसे उन्होंने अपने काम के जरिए साबित किया है। कावेरी को प्रदर्शन कला का जुनून अपने माता-पिता से विरासत में मिला है। वह मशहूर अभिनेत्री और गायिका सुचित्रा कृष्णमूर्ति और दिग्गज फिल्म निर्माता शेखर कपूर की बेटी हैं। उनके म्यूजिक वीडियो इस बात के सबूत हैं कि उन्होंने अपने माता-पिता से शानदार प्रतिभा पाई है। गीत लेखन और गायन में महारत हासिल करने वाली कावेरी अब अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। अभिनय की दुनिया में कावेरी का सफर अब और भी रोमांचक होने वाला है, क्योंकि वह अपने पिता शेखर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म मासूम 2 में नजर आएंगी। इस फिल्म की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। शेखर कपूर अपने कलाकारों से बेहतरीन अभिनय करवाने के लिए मशहूर हैं, और ऐसे में दर्शकों को कावेरी की अदाकारी देखने का बेसब्री से इंतजार है। बता दें कि कावेरी कपूर ने अपनी पहली फिल्म बॉबी और ऋषि की लव स्टोरी से इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि यह उनकी डेब्यू फिल्म थी, लेकिन कैमरे का सामना करने का अनुभव उन्हें पहले से था। सुदामा/ईएमएस 11 मार्च 2025