राज्य
09-Mar-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली में सरकार गठन और कैबिनेट की शपथ के बाद अब विभागों का भी बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास 10 से ज्यादा विभाग रखे हैं। इसके अलावा प्रवेश वर्मा को अहम जिम्मेदारी दी है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त, जीएडी, राजस्व, महिला, एवं बाल विकास, लैंड एंड बिल्डिंग, पब्लिक रिलेशन विजिलेंस और प्रशासनिक सुधार विभाग और योजना विभाग रखा है। उन्होंने प्रवेश वर्मा को चार विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रवेश वर्मा को दिल्ली में जल प्रबंधन को ठीक करने और सड़कों को सुधारने का काम दिया है। सीएम रेखा ने उन्हें जल और पीडब्ल्यूडी विभाग की जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण और गुरुद्वारा चुनाव उनके हवाले है। मंत्री बने आशीष सूद को गृह और ऊर्जा विभाग दिया है। इसके अलावा शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा प्रशिक्षण का काम भी उन्हीं सौंपा है। सिख चेहरे मनजिंदर सिंह सिरसा को दिल्ली का मंत्री बनाया है। उन्हें उद्योग, खाद्य आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण विभाग दिया गया है। दलित चेहरे के रूप में शामिल किए गए रविंद्र इंद्रराज के पास समाज कल्याण, एससी/एसटी वेलफेयर और कॉरपोरेशन, इलेक्शंस की जिम्मेदारी होगी। कभी आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे कपिल मिश्रा को बीजेपी सरकार में भी कैबिनेट का हिस्सा बनाया है। कपिल मिश्रा को कानून एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति, भाषा और पर्यटन जैसे विभाग दिए हैं। वहीं डॉ. पंकज कुमार सिंह को स्वास्थ्य विभाग की अहम जिम्मेदारी दी है। उन्हें परिवहन और सूचना तकनीक विभाग भी दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा ने जीएडी, सेवाएं, वित्त, राजस्व, डब्ल्यूसीडी, लैंड एंड बिल्डिंग, पब्लिक रिलेशन, विजिलेंस, और प्रशासनिक सुधार विभाग, योजना विभाग, अन्य विभाग जो किसी को आवंटित नहीं किए हैं। सिराज/ईएमएस 09मार्च25