-खड़गे, राहुल और प्रियंका गांधी ने दी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। खड़गे ने एक्स पर लिखा- जागो, उठो और शिक्षित बनो। परंपराओं को तोड़ो। आजाद हो जाओ। लैंगिक समानता से ही देश में बदलाव आता है। महिलाएं अपनी बुद्धि, समर्पण और शक्ति के जरिए से समाज को नया आकार देने वाली शक्तिशाली एजेंट हैं। वहीं, सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ हैं। उनकी ताकत और आवाज हमारे देश के भविष्य को आकार देती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं आपके साथ और आपके लिए खड़ा हूं। हर बाधा को तोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हूं जब तक कि हर महिला अपने भाग्य को आकार देने, हर सपने को पाने और ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए स्वतंत्र न हो जाए। महिला दिवस की शुभकामनाएं। वहीं सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा- देश भर की हमारी सभी बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आजादी की लड़ाई से लेकर देश के निर्माण तक- महिलाओं ने हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है और अपनी शक्तिशाली नेतृत्व क्षमता को साबित भी किया है। आज महिलाओं की भूमिका और भागीदारी को और ज्यादा बढ़ाने की जरूरत है। महिलाएं जितनी ज्यादा आगे आएंगी, देश उतना ही सशक्त और सुंदर बनेगा। दिल्ली की पूर्व सीएम और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक्स पर लिखा- सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई। आज दिल्ली की सभी महिलाएं अपने फोन को ताक कर इंतजार कर रही हैं कि 2,500 बैंक में जमा होने का मैसेज उनके फोन पर कब आएगा। सिराज/ईएमएस 08मार्च25