-धर्मस्थल से जुड़ी कमेटी ने खुद ही निर्माण हटाना कर दिया था शुरू मेरठ,(ईएमएस)। मेरठ में दिल्ली रोड पर 168 साल पुराने धर्म स्थल को शुक्रवार देर रात पुलिस-प्रशासन ने भारी सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाकर उसे हटा दिया। दिन में धर्मस्थल से जुड़ी कमेटी के लोगों ने खुद ही निर्माण हटाना शुरू कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि कमेटी के लोगों ने शुक्रवार सुबह से मजदूर लगाकर निर्माण को हटाने का काम शुरू कराया था। इसे हटाने के लिए एनसीआरटीसी की ओर से पत्राचार किया गया था, चूंकि यह निर्माण रैपिड मेट्रो कॉरिडोर के दायरे में आ रहा था। गुरुवार को पुलिस प्रशासनिक अफसरों की टीम मौके पर पहुंची थी। धर्म स्थल हटाने के लिए पूर्व में भी कई बार कमेटी को नोटिस दिया गया था। मेरठ में दिल्ली रोड पर रैपिड मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है और अंडरग्राउंड काम हो रहा है। ईरा मॉल के ठीक सामने सड़क पर करीब 168 साल पुराना धर्म स्थल है। दिल्ली रोड पर इस धर्मस्थल को बुलडोजर से हटाने से पहले भी प्रशासन की ओर से कई बार पत्राचार किया गया था और नोटिस भी दिए थे। इसके बावजूद धर्मस्थल को नहीं हटाया गया था। इस दौरान रैपिड का निर्माण कार्य दिल्ली रोड पर ईरा मॉल के सामने प्रभावित हो रहा था। इसको लेकर एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने धर्मस्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद शुक्रवार को दिन में कमेटी के लोगों ने मजदूर लगाकर खुद ही निमार्ण कार्य हटाने का कार्य शुरू करवा दिया था। दिन भर चले काम के बाद रात को पुलिस-प्रशासन की टीम जेसीबी और बुलडोजर लेकर पहुंच गई। इस दौरान आसपास का इलाका ब्लॉक कर दिया गया। सिराज/ईएमएस 22फरवरी25