19-Feb-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन होगा इसका निर्णय बुधवार शाम को हो जाएगा। शाम में दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के सभी 48 विधायक शामिल होंगे। बैठक से पहले केंद्रीय पर्यवेक्षक की घोषणा की जाएगी। पर्यवेक्षक की उपस्थिति में भाजपा विधायक अपना नेता चुनेंगे। उसके बाद उपराज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। नए मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी रामलीला मैदान में चल रही है। वहीं, दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी जश्न की तैयारी की जा रही है। पार्टी के प्रवेश द्वार पर नया गेट लगाया गया है जिसके ऊपर लिखा गया है -दिल्ली में भाजपा की सरकार-। मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही जश्न शुरू हो जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राजग के सभी सांसदों व वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग भी समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव का नाम भी आमंत्रित लोगों में शामिल है। वीवीआईपी गेस्ट के अलावा विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण निभाने वाले पार्टी के सभी राज्यों के नेताओं, दिल्ली के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। सफाई कर्मचारी, झुग्गी बस्ती के प्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य समारोह में शामिल होंगे। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/19/फरवरी /2025