ट्रेंडिंग
19-Feb-2025
...


वेटिकन सिटी (ईएमएस)। कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप फ्रांसिस (88) के दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया हुआ है, इसकारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वेटिकन के अधिकारियों ने बताया कि वे पिछले एक हफ्ते से फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रहे हैं और उन्हें शुक्रवार को रोम के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। सूत्रों के मुताबिक, पोप फ्रांसिस को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल, उनका इलाज एंटीबायोटिक्स और ऑक्सीजन थैरेपी के जरिए किया जा रहा है। बात दें कि पोप फ्रांसिस की सेहत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है। पिछले साल भी उन्हें फेफड़ों में इंफेक्शन और हृदय संबंधी दिक्कतों के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके अलावा, उनकी घुटने की परेशानी के कारण भी वे लंबे समय तक व्हीलचेयर का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं पोप की बिगड़ती तबीयत को लेकर कैथोलिक समुदाय में चिंता बढ़ गई है। वेटिकन और दुनिया भर में उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन किया जा रहा है। पोप फ्रांसिस पहले भी कह चुके हैं कि अगर उनकी सेहत उन्हें चर्च का नेतृत्व करने से रोकेगी, तब वे पद छोड़ने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, फिलहाल वेटिकन ने ऐसी किसी संभावना से इंकार किया है। आशीष दुबे / 19 फरवरी 2025