ज़रा हटके
18-Feb-2025
...


बीजिंग (ईएमएस)। चीन जो आए दिन कुछ न कुछ कारनामे करता रहता है अब चीन ने ये कारनामा किया है, जहां एक चिड़ियाघर में गधों को जेबरा बना दिया गया है। जू में मौजूद गधों पर काली और सफेद धारियां पेंट कर दिया गया है। चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए किया ये कदम छिप नहीं सका और बदनामी भी हो गई। चिड़ियाघर पहुंचने वाले लोगों ने जब गधे को जेबरा के रूप में देखा तो वे हैरान रह गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शेडोंग प्रांत में स्थिति जीबी सिटी मनोरंजन पार्क इस महीने की शुरुआत में जांच के दायरे में आया, जब सोशल मीडिया यूजर्स ने जानवरों पर संदिग्ध रूप से साफ-सुथरी धारियों को देखा। ऐसी ही एक तस्वीर में चिड़ियाघर के कर्मचारी को जेबरा के रूप में पेंट किए गए गधे के साथ दिखाया गया है। आलोचना के बाद पार्क के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पेंट का काम एक मार्केटिंग रणनीति थी। इसके बाद आलोचना और बढ़ गई। कई लोगों ने इसे भ्रामक और अनैतिक बताया। एक आलोचक ने लिखा कि यह जानवरों और विजिटर के लिए अनुचित है। चिड़ियाघर की और से बताया गया कि उसने डाई का इस्तेमाल किया था, लेकिन दावा किया यह हानिरहित थी। वहीं कई यूजर ने खराब तरीके से रूप बदलने का मजाक उड़ाया। एक ने लिखा कि उन्होंने काम भी बहुत बुरा किया। दूसरे ने लिखा, वे धारियां भद्दी लग रही थीं, पिनाटा की तरह। यह पहली बार नहीं है जब चीन के चिड़ियाघर का ऐसा कारनामा पकड़ा गया है। इसके पहले एक चीनी चिड़ियाघर ने रंगे हुए कुत्तों को पांडा के रूप में पेश किया गया था। चिड़ियाघर में आने वाले दर्शक हैरान रह गए जब पांडा में से एक ने भौंकना शुरू कर दिया। चिड़ियाघर ने शुरू में आरोपों से इनकार किया, लेकिन बाद में धोखे की बात स्वीकार कर ली थी। सिराज/ईएमएस 18 फरवरी 2025