ज़रा हटके
17-Feb-2025
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में शराब का चलन बहुत तेजी से बढ़ रहा है। यहां पुरुषों से ज्यादा महिलाए शराब गटक रहीं हैं। चिंता की बात ये है कि नाबालिग लड़कियां भी जाम छलकाने से पीछे नहीं है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा किए गए हालिया सर्वेक्षण में भारत में शराब सेवन को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों में पुरुषों और महिलाओं द्वारा शराब का सेवन अलग-अलग स्तरों पर किया जाता है, लेकिन कुछ राज्यों में यह औसत से कई गुना अधिक पाया गया है। खासकर उत्तर-पूर्वी राज्यों में शराब पीने की प्रवृत्ति अन्य राज्यों की तुलना में अधिक पाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं के शराब पीने के मामले में असम सबसे आगे है। यहां 15 से 49 वर्ष की उम्र की लगभग 16.5 प्रतिशत महिलाएं शराब का सेवन करती हैं, जो देश के औसत 1.2 प्रतिशत से काफी अधिक है। इस सूची में मेघालय दूसरे स्थान पर है, जहां 8.7 प्रतिशत महिलाएं शराब पीती हैं। अरुणाचल प्रदेश में यह आंकड़ा 3.3 प्रतिशत है। वहीं, सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महिलाओं के शराब सेवन की दर काफी कम है। सिक्किम में केवल 0.3 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 0.2 प्रतिशत महिलाएं शराब पीती हैं। पुरुषों के शराब सेवन की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश इस मामले में सबसे आगे है। सर्वे के अनुसार, 15 से 49 साल के 59 प्रतिशत पुरुष यहां शराब का सेवन करते हैं। यह आंकड़ा अन्य राज्यों की तुलना में बहुत अधिक है। देश के अन्य राज्यों में भी पुरुषों के शराब पीने की दर अधिक है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश इस मामले में सबसे ऊपर है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस रिपोर्ट से सरकार और नीति निर्माताओं को शराब नियंत्रण और नशा मुक्ति से जुड़ी योजनाओं को सही दिशा देने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, शराब का अधिक सेवन शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, जिससे समाज पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। ऐसे में सरकार को इस दिशा में ठोस नीतियां बनाने की जरूरत है ताकि शराब की खपत को नियंत्रित किया जा सके और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके। सर्वेक्षण के निष्कर्ष बताते हैं कि उत्तर-पूर्वी राज्यों में शराब सेवन की प्रवृत्ति अन्य राज्यों की तुलना में अधिक व्यापक रूप से फैली हुई है। असम और मेघालय में महिलाओं के शराब पीने की दर काफी अधिक है, जबकि पुरुषों में अरुणाचल प्रदेश सबसे आगे है। इस अध्ययन से यह भी स्पष्ट होता है कि भारत के विभिन्न राज्यों में शराब की खपत क्षेत्रीय स्तर पर भिन्न है। वीरेंद्र/ईएमएस/17फरवरी2025