ज़रा हटके
07-Feb-2025
...


लंदन (ईएमएस)। सडक के निर्माण कार्य के दौरान इंग्लैंड में मजदूरों को एक 750 किलो का रोमन शैली में बना ताबूत मिला, जो लगभग 1500 साल पुराना बताया जा रहा है। इंग्लैंड के पीटरबरो के पास वैन्सफोर्ड और सुटॉन के बीच एक सड़क को चौड़ा करने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान यह ताबूत बरामद हुआ। जैसे ही ताबूत मिला, निर्माण कार्य को तुरंत रोक दिया गया और पुरातत्वविदों को इसकी जांच के लिए बुलाया गया। ताबूत की ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्ता को देखते हुए विशेषज्ञों की एक टीम को बुलाया गया, जिन्होंने इसे खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। ताबूत के अंदर एक इंसानी कंकाल पाया गया, जो इस बात का संकेत देता है कि यह किसी उच्च वर्गीय या अमीर व्यक्ति का अंतिम रेस्टिंग प्लेस हो सकता है। पुरातत्वविदों ने बताया कि ताबूत को लाइमस्टोन से हाथ से तराशा गया है और इसके ऊपर बेहतरीन कलाकारी की गई थी। यही नहीं, कंकाल को कीमती जिपसम से दफनाया गया था, जो यह दर्शाता है कि यह सामान्य व्यक्ति का नहीं, बल्कि किसी प्रभावशाली शख्स का हो सकता है। इस ऐतिहासिक खोज को लेकर हेडलैंड आर्कियोलॉजी के प्रोजेक्ट मैनेजर डेविड हैरिसन ने कहा कि यह खोज बेहद दुर्लभ और रोमांचक है। यह ताबूत ए 47 हाईवे की खुदाई के दौरान मिला, जहां करीब 52 पुरातत्वविदों और 20 सिविल इंजीनियरों की टीम पिछले सात महीनों से खुदाई कर रही थी। माना जा रहा था कि यह क्षेत्र प्राचीन रोमन सड़कों का हिस्सा रहा होगा, जो ब्रिटेन के विभिन्न हिस्सों को जोड़ता था। पुरातत्वविदों का कहना है कि इस खोज से रोमन युग की जीवनशैली और उनकी अंतिम संस्कार प्रथाओं को समझने में मदद मिलेगी। ताबूत में मौजूद कंकाल और अन्य वस्तुओं की डीएनए और कार्बन डेटिंग जांच की जाएगी, जिससे इसकी सही उम्र और व्यक्ति की पहचान का पता लगाया जा सकेगा। यह खोज रोमन साम्राज्य के ब्रिटेन में प्रभाव और वहां रहने वाले लोगों की जीवनशैली पर नई रोशनी डाल सकती है। फिलहाल, ताबूत को विशेषज्ञों की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2025