रियाद,(ईएमएस)। इस्माइली मुसलमानों के गुरु आगा खान का 4 फरवरी को निधन हो गया था। मौलाना शाह करीम अल हुसैनी, इस्माइली मुसलमानों के 49वें इमाम थे। प्रिंस शाह करीम की दुनिया से विदाई के बाद बेटे रहीम अल-हुसैनी को बुधवार को आगा खान का पद दिया गया है। आगा खान दुनिया के लाखों इस्माइली मुसलमानों के धार्मिक गुरु थे। पिता के बाद रहीम अल-हुसैनी इस्माइली मुसलमानों के 50वें इमाम बन गए हैं। रहीम अल-हुसैनी की उम्र 53 साल है और उनको आगा खान फाइन (पांचवां) के रूप में नामित किया गया है। शायद बहुत सारे लोगों ने पहली बार “आगा खान” शब्द सुना होगा और इस टाइटल का क्या मतलब होता है, यह जानने के लिए उत्साहित होंगे। मुसलमानों में शिया और सुन्नी होते हैं। वैसे ही इस्माइली मुसलमान भी होते हैं। आगा खान इस्माइली मुसलमानों के धर्म गुरु होते हैं। आगा खान को उनके अनुयायी इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद साहब का वंशज मानते हैं और उन्हें राज्य के प्रमुख के रूप में माना जाता है। प्रिंस रहीम अल-हुसैनी आगा खान का पद संभाल लिया है। जहां उनके पिता ने अपने समय में एक ऐसी व्यक्ति की छवि बनाई जो न सिर्फ धर्म में आगे थे बल्कि व्यापार में भी आगे थे और लोगों की मदद करने में हमेशा आगे रहे। वहीं प्रिंस शाह करीम के तीन बेटे और एक बेटी हैं और आगा खान की कमान संभालने वाले प्रिंस रहीम उनके सबसे बड़े बेटे हैं। प्रिंस शाह करीम ने महज 21 साल की उम्र में कमान संभाली थी। वहीं, बेटे प्रिंस रहीम 53 साल की उम्र में इस पद पर काबिज हुए हैं। प्रिंस रहीम ने अमेरिका से पढ़ाई की है। उन्होंने ब्राउन यूनिवर्सिटी में कम्पेरिटिव लिटरेचर में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क में विभिन्न एजेंसियों के बोर्ड में काम किया। आगा खान की एक फाउंडेशन भी है, जिसका नाम आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क है। इस फाउंडेशन का मकसद दुनिया में लोगों की मदद करना है। यह संगठन मुख्य रूप से स्वास्थ्य देखभाल, हाउसिंग, शिक्षा और ग्रामीण आर्थिक विकास के मुद्दों से निपटती है। इसके साथ यह फाउंडेशन 30 से ज्यादा देशों में काम करती है। लोगों की मदद के लिए इसका साल का बजट 1 बिलियन डॉलर है। आगा खान फाउंडेशन के बांग्लादेश, तजाकिस्तान और अफगानिस्तान में अस्पताल हैं। साथ ही उन्होंने इन देशों में अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लाखों रुपये खर्च किए हैं। इस्माइली मुसलमान मानते हैं कि अपनी कमाई में से 12.5 फीसदी रकम आगा खान को लोगों की मदद के लिए देना उनका फर्ज है। सिराज/ईएमएस 06फरवरी25