अंतर्राष्ट्रीय
06-Feb-2025
...


-दो साल से रिश्ते में, अब दोनों साथ में रहने की बना रहे हैं योजना वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एफबीआई चीफ के लिए काश पटेल को नामांकित किया है। सीनेट के सामने वह एक सुनवाई में पेश हुए। इस दौरान उनके करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद थे। ट्रंप समर्थक और वकील अलीना हबा, पटेल की बहन और उनके माता-पिता सुनवाई में शामिल होने के लिए भारत से आए थे, लेकिन इस दौरान पटेल के पीछे बैठी एक ग्लैमरस महिला चर्चा में आ गई। बताया जा रहा है यह महिला पटेल की गर्लफ्रेंड है। यह कंट्री म्यूजिक सिंगर एलेक्सिस विल्किंस (26) हैं। काश पटेल का पूरा नाम कश्यप प्रमोद विनोद पटेल है, जो एफबीआई के पहले भारतीय अमेरिकी डायरेक्टर बनने वाले हैं। पटेल अपनी 18 साल छोटी गर्लफ्रेंड विल्किंस से अक्टूबर 2022 में एक कंजर्वेटिव इवेंट में मिले थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2023 में उन्होंने डेटिंग शुरू की। पटेल ने कभी शादी नहीं की है, लेकिन वह विल्किंस के साथ दो साल से ज्यादा समय से रिश्ते में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों अब साथ में रहने की योजना बना रहे हैं। हालांकि विल्किंस का अपने कंट्री म्यूजिक करियर छोड़ने का इरादा नहीं है, लेकिन उन्होंने कैपिटल हिल पर रिपब्लिकन प्रतिनिधि एबे हमादेह की प्रेस सचिव के रूप में जॉब शुरू की है। विल्किंस का ज्यादातर बचपन अर्कांसस में बीता, उन्होंने इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड में भी समय बिताया। इसके अलावा उन्होंने जो निकोल्स, एरोन लुईस, कर्टिस ग्राइम्स और रेलिन जैसे कलाकारों के साथ काम किया है। वह वारियर राउंड्स नामक समूह के साथ काम करती हैं जो पूर्व सैनिकों के साथ गाने लिखता है, लेकिन वह अभी तक किसी रिकॉर्ड लेबल से नहीं जुड़ी हैं। उन्होंने वेटरन्स अफेयर्स अस्पतालों में मरीजों के लिए गाने गाए हैं। वहीं वह स्टैंड नाम का एक प्रोजेक्ट चलाती हैं, जो वेटरन्स को मदद पहुंचाने के लिए है। संगीत के अलावा विल्किंस ने हाल के वर्षों में कंजर्वेटिव हलकों में प्रमुखता हासिल की है। वह कई दक्षिणपंथी नॉनप्रॉफिट से भी जुड़ी हैं। सिराज/ईएमएस 06 फरवरी 2025