राज्य
05-Feb-2025


अरुण वोरा सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत दुर्ग (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में जारी नगर निगम चुनावों के तहत कांग्रेस पार्टी ने दुर्ग शहर के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू को सौंपी है। इसी कड़ी में वे राजीव भवन, दुर्ग पहुंचे, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। बैठक में पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला अध्यक्ष गया पटेल, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, महापौर कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू के पति पोषण साहू, कांग्रेस नेता परमजीत सिंह भुई, पप्पू श्रीवास्तव एवं अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया और स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती और जीत की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद धनेंद्र साहू ने वार्ड 41, वार्ड 42 और बघेरा वार्ड का दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया और चुनावी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने की अपील की और बूथ प्रबंधन को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच अपनी नीतियों और विकास कार्यों को मजबूती से रखने का संकल्प ले रही है। इस चुनाव में संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस को मजबूत परिणाम मिलने की उम्मीद जताई गई। ईएमएस/धर्मेन्द्र राधव/ 05 फरवरी 2025