राज्य
05-Feb-2025


सूरत (ईएमएस)| शहर के वेडरोड क्षेत्र में रहनेवाले युवा दंपत्ति के एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश से सनसनी फैल गई| चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने वेडरोड स्थित अपने घर में और उसकी पत्नी मायके में तेजाब गटगटा लिया| फिलहाल दोनों का स्मिमेर अस्पताल में उपचार चल रहा है| जानकारी के मुताबिक सूरत के वेडरोड क्षेत्र के नालंदा एपार्टमेंट में 28 वर्षीय भरत राजाभाई बाबरिया 27 वर्षीय पत्नी काजल बाबरिया समेत परिवात के साथ रहता है| बीती शाम भरत ने उस वक्त एसिड पीकर आत्महत्या का प्रयास किया जब उसकी पत्नी अपने मायके गई थी| भरत के आत्महत्या करने के प्रयास की खबर मिलते ही काजल ने अपने मायके में एसिड गटगटाकर सुसाइड की कोशिश की| हांलाकि समय रहते दोनों को सूरत के स्मिमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है| काजल के परिजनों ने बताया कि 18 महीने दोनों की शादी हुई थी और उनकी संतान में एक बेटी है| भरत बाबरिया कतारगाम क्षेत्र के एक कारखाने में हीरे तराशने का काम करता है| काजल की माता की तबियत ठीक नहीं थी, इसलिए वह अपने मायके आई थी और चार दिन से मायके में रह रही थी| बीते दिन भरत पत्नी काजल को लेने आया था| उस वक्त काजल ने कहा कि शाम का भोजन कर आऊंगी| इसी बात को लेकर भरत और काजल के बीच कहासुनी हुई थी| उसके भरत अपने घर लौट आया और एसिड गटगटा लिया| इसकी जानकारी जब काजल को मिली तो उसने भी एसिड पी लिया| जिसके बाद दोनों को सूरत के स्मिमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है| सतीश/05 फरवरी