राष्ट्रीय
05-Feb-2025


अहमदाबाद (ईएमएस)| अमेरिका में राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध अप्रवासन के आरोप में 200 से ज्यादा भारतीयों को अपने देश से निकाल दिया है| अमेरिका से निकाले गए भारतीयों में 37 जितने गुजराती भी शामिल हैं| अमेरिका से निकाले गए गुजरातियों को लेकर गुजरात पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल की प्रतिक्रिया सामने आई हैं| इन लोगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए नितिन पटेल ने कहा कि ये सभी हमारे भाई-बहन है, जो अपनी और परिवार की उन्नति के लिए अमेरिका गए थे| जहां से उन्हें अब निष्कासित कर दिया गया है| उन्होंने कहा कि जिन लोगों को वापस भेजा गया वे हमारे भाई-बहन हैं और अवैध प्रवेश के अलावा उनके खिलाफ कोई अपराध नहीं है। नितिन पटेल ने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह सिलसिला कहां रुकेगा| पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इन लोगों से सहानुभूति है| वह वहां सुनहरे भविष्य के लिए कमाने गए थे। उन्होंने वहां काम किया और अपने गृहनगर में परिवारों की मदद की। इससे भारत को विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई है। उन्होंने इन लोगों के साथ सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करने की अपील की| नितिन पटेल ने कहा कि इन गुजरातियों ने वहां जाकर राज्य के विकास में योगदान दिया है| सरकार से मेरा अनुरोध है कि अमेरिका से निष्कासित लोगों के साथ अपराधी या आरोपी जैसा व्यवहार न किया जाए| नितिन पटेल ने कहा कि गुजरात या देश में नौकरियां नहीं हैं इसलिए विदेश जाने की बातें ठीक नहीं हैं| यहां सभी को उनकी योग्यता के अनुसार आय और नौकरी मिलती है। विदेश जाने का चलन सालों से चला आ रहा है| लोग वहां अधिक कमाई और उन्नति के लिए जाते हैं। सतीश/05 फरवरी