राज्य
05-Feb-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में बुधवार को सभी 70 सीटों पर वोटिंग हुई। अधिकतर जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ, लेकिन सीलमपुर सीट पर दो बार हंगामा खड़ा हो गया। बुर्के में फर्जी वोटर्स से मतदान कराए जाने के आरोप के बाद दिन में दो बार विवाद हुआ। पहले ब्रह्मपुरी रोड पर बवाल हुआ तो बाद में मौजपुर में हंगामा हो गया। यहां स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। दोनों ही जगह कुछ महिला वोटर्स ने दावा किया कि उनके नाम से पहले ही किसी ने मतदान कर दिया। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में सुबह से शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। लेकिन ब्रह्मपुरी रोड पर आर्यन पब्लिक स्कूल में दोपहर को हंगामा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान कराया जा रहा है। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर उनसे पहले किसी और ने वोट डाल दिया। जब वह बूथ पर पहुंचीं तो पता चला कि वोटिंग हो चुकी है। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। लेकिन पुलिस ने बीच बचाव करते हुए स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद मौजपुर इलाके में भी इसी तरह का मामला सामने आया। यहां एक बूथ पर महिला स्लिप लेकर वोट डालने पहुंची तो बताया कि उसके नाम से वोटिंग हो चुकी है। महिला की ओर से ऐसा आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे। मौके पर नारेबाजी होने लगी। भाजपा समर्थक पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गए। मौके पर सुरक्षा बढ़ाकर माहौल को शांत किया गया। सीलमपुर के अलावा अन्य सीटों पर कहीं से इस तरह की सूचना नहीं है। हालांकि, नई दिल्ली और जंगपुरा समेत कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी ने कुछ गड़बड़ी के आरोप लगाए। लेकिन पुलिस की जांच में अधिकतर आरोप गलत पाए गए। मनीष सिसोदिया ने एक बूथ पर भाजपा के चार टेबल लगाए जाने और एक घर में पैसे बांटे जाने के आरोप लगाए। लेकिन पुलिस ने जांच के बाद कहा कि टेबल अलग-अलग प्रत्याशियों के थे, लेकिन उन पर कपड़ा एक रंग का था जिसको लेकर कंफ्यूजन हुआ। उन्होंने कहा कि पैसे बांटे जाने की बात गलत निकली। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/फरवरी /2025