राज्य
05-Feb-2025


धूप लगने लगी तीखी, रात में बह रही शीतल बयार जबलपुर, (ईएमएस)। ऋतुराज बसंत के आगमन के साथ ही मौसम करवट बदलने लगा है। दिन में वातावरण से नमी गायब हो रही है। धूप तीखी लगने लगी है। लेकिन शाम ढलने के बाद रात में शीतल बयारे चलती है| दिन और रात के तापमान में उछाल बरकरार है| स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम लगातार शुष्क होने के कारण धूप तीखी होने लगी है। दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। जबकि रात में उत्तर भारत से आ रही वर्फीली हवाओं के कारण हल्की ठंड का अनुभव किया जा रहा है। बसंत पंचमी के बाद ठंडक वैसे भी गुलाबी हो जाती है। लेकिन मौसम कार्यालय का कहना है कि ठण्ड का एक दौर अभी लौटेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 16.05 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 91 प्रतिशत और सायंकाल 62 प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह 6.47 बजे और सूर्यास्त शाम 6.01 बजे हुआ। उत्तर पश्चिमी हवायें 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे ठण्डा जिला नीमच रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 27.1 और न्यूनतम तापमान 07.06 डिग्री दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन 14.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी| सुनील साहू / मोनिका / 05 फरवरी 2025/ 06.12