राज्य
05-Feb-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव की सभी 70 सीटों पर वोटिंग जारी है। कई दिग्गज नेता इस चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ये सभी चुनाव प्रचार के दौरान एक-एक वोट के लिए जनता से अपील करते नजर आए थे, इसके बाद भी कुछ नेता खुद को वोट ही नहीं कर पाएंगे। क्यों? आइये वजह जानते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव की सभी 70 सीटों पर वोटिंग जारी है। मतदाता सुबह से अपने-अपने बूथ केंद्र पर कतारों में लगे हुए हैं, लेकिन दिल्ली में चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवार खुद को ही वोट नहीं दे पाएंगे। इनमें कांग्रेस की अलका लांबा से लेकर बीजेपी के रमेश बिधूड़ी, कपिल मिश्रा और आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया जैसे कई दिग्गज नेता शामिल हैं, क्योंकि उनका वोट किसी दूसरी सीट पर है और चुनाव वो किसी दूसरी सीट से लड़ रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी प्रत्याशी महीनों ने अपनी जीत के लिए मशक्कत करते नजर आ रहे हैं, प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर वोट मांगा और हर रोज बड़ी रैलियां कर वोट देने की अपील करते नजर आए, लेकिन वो खुद को ही वोट नहीं दे पा रहे। इसके पीछे वजह यह है कि वो मतदाता किसी और सीट से हैं और चुनाव किसी दूसरी सीट से लड़ रहे हैं। ऐसे में वे अपने पसंदीदा प्रत्याशी को ही वोट दे सकेंगे, लेकिन अपने आपको को वोट नहीं देंगे। कालकाजी विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने मतदान किया, लेकिन वे खुद को ही वोट नहीं दे सके। रमेश बिधूड़ी दिल्ली की तुगलकाबाद क्षेत्र से मतदाता है, लेकिन चुनाव कालकाजी से लड़ रहे हैं। इसीलिए वो कालकाजी के बजाय तुगलकाबाद सीट पर मतदान किया है। इसी तरह कालकाजी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही अलका लांबा भी खुद को वोट नहीं दे सकी हैं। इसकी वजह है कि लांबा का वोट मादीपुर विधानसभा क्षेत्र में है और वो चुनाव कालकाजी सीट से चुनाव लड़ रही है। इसके चलते ही अलका लांबा खुद को वोट नहीं दे सकते हैं। संगम विहार सीट से चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी चंदन कुमार चौधरी भी खुद को वोट नहीं दे सके। चंदन चौधरी का वोट देवली के विधानसभा क्षेत्र में है और चुनाव संगम विहार से लड़ रहे हैं। इसी तरह संगम विहार के कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हर्ष चौधरी भी खुद को वोट नहीं दे सके, क्योंकि उनका वोट तुगलकाबाद क्षेत्र पर है। इसके चलते संगम विहार क्षेत्र में वो अपने आपको वोट नहीं दे पाएंगे। आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया भी खुद को वोट नहीं पाएंगे। सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनका वोट नई दिल्ली विधानसभा सीट पर है। इस वजह से सिसोदिया खुद को वोट देने के बजाय अपनी पंसद के उम्मीदवार को वोट देते नजर आएंगे। ऐसे ही मुस्तफाबाद सीट पर भाजपा से चुनाव लड़ रहे मोहन सिंह बिष्ट भी खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। इसकी वजह है कि उनका वोट करावल नगर सीट पर है और चुनाव बगल की मुस्तफाबाद सीट से लड़ रहे अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/फरवरी /2025