क्षेत्रीय
05-Feb-2025


गरियाबंद(ईएमएस)। जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 बागी नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। ये सभी नेता अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। निष्कासित नेताओं में गरियाबंद पालिका से 5, राजिम नगर पंचायत से 5, कोपरा नगर पंचायत से 4, देवभोग से 5 और फिंगेश्वर नगर पंचायत से 7 नेता शामिल हैं। जिला पंचायत चुनाव में भी बागी प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। गरियाबंद जिला पंचायत की 11 सीटों के लिए कुल 69 नामांकन दाखिल किए गए हैं। कांग्रेस ने क्षेत्र क्रमांक 3 से प्रकाश साहू को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है, लेकिन कांग्रेस के ही जिला उपाध्यक्ष आनंद मतावले, यूथ कांग्रेस के राजिम विधानसभा अध्यक्ष योगेश साहू और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राघोबा महाडीक के पुत्र इंद्रजीत ने भी पर्चा भर दिया है। इसी तरह, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 में कांग्रेस प्रत्याशी संजय नेताम को मैनपुर ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी की प्रियंका कपिल से चुनौती मिल रही है। वहीं, ब्लॉक महामंत्री गेंदू यादव प्रियंका के प्रस्तावक बनकर गुटबाजी को और हवा दे रहे हैं। भाजपा में भी कई बागी नेताओं ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ नामांकन दाखिल कर दिया है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 में भाजपा ने एससी वर्ग के युवा नेता गौरी शंकर को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन भाजपा के ही कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल कर दिया है। इनमें जिला पदाधिकारी बोधन नायक, मंडल पदाधिकारी अरुण ठाकुर, दुर्योधन सोनवानी, चंद्र किशोर कश्यप और शांति लाल मालू शामिल हैं। इसी तरह, क्षेत्र क्रमांक 10 में भाजपाई एवं पूर्व सदस्य धनमती यादव और क्षेत्र क्रमांक 11 में ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष देशबंधु नेताम एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष के सुपुत्र विवेक यदु ने नामांकन भरकर अधिकृत प्रत्याशी शोभाचंद्र पात्र के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को नाराज नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नाम वापसी की समय सीमा तक सभी बागी नेता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में आ जाएंगे। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावसिंह साहू ने भी पार्टी में गुटबाजी को दूर करने के प्रयास जारी रखने की बात कही है। भाजपा ने क्षेत्र क्रमांक 1 से नंदिनी कोमल ढीढ़ी, 2 से नंदिनी ओंकार साहू, 3 से चंद्रशेखर साहू, 4 से लेखूराम ध्रुवा, 5 से शिवानी अभिषेक चतुर्वेदी, 6 से लालिमा पारस ठाकुर, 7 से मुकेश बीसेन, 8 से श्रुति ध्रुवा, 9 से गौरीशंकर कश्यप, 10 से नेहा सिंघल और 11 से शोभा चंद्र पात्र को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने क्षेत्र क्रमांक 1 से होमा देवी सांग, 2 से मालती साहू, 3 से प्रकाश साहू, 4 से पुनारद ठाकुर, 5 से रजनी चौरे, 6 से सुरेखा नागेश, 7 से संजय नेताम, 8 से सरस्वती नेताम, 9 से उमेश डोंगरे, 10 से छाया देवी नेताम और 11 से राजकुमार प्रधान को टिकट दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2025