05-Feb-2025
...


-सप्ताह में 40 नहीं 120 घंटे काम करने की दी सलाह तो छिड़ी बहस वॉशिंगटन,(ईएमएस)। डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह कार्यकाल अलग नजर आ रहा है। सरकारी कर्मचारियों के कामकाज से लेकर अवैध प्रवासियों को बाहर भेजने तक उनका एजेंडा साफ है। उन्होंने सरकारी विभागों में काम की गति बढ़ाने की जिम्मेदारी अपने दोस्त एलन मस्क को दी है। टेस्ला, एक्स जैसी कंपनियों के मुखिया एलन मस्क अपनी अद्भुत कार्यक्षमता के लिए जाने जाते हैं और अब उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को भी ज्यादा से ज्यादा काम करने की सीख दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है, जिसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं। उन्होंने अमेरिकी नौकरशाही के काम करने के रवैये पर ही सवाल उठाया और कहा कि यदि ऐसे ही हुआ तो फिर सरकार कैसे कामयाब होगी। मस्क ने अमेरिका में 120 घंटे वाली बहस तब छेड़ी है, जबकि भारत में 70 से 90 घंटे काम को लेकर बहस हो रही है। पिछले दिनों एल एंड टी के सीईओ ने कर्मचारियों से कहा था कि वह सप्ताह में 90 घंटे काम करते हैं। आखिर आप लोग भी घर में बैठकर कब तक पत्नी को देखेंगे। एलन मस्क ने पोस्ट में लिखा कि हमारा सरकारी दक्षता विभाग सप्ताह में 120 घंटे काम कर रहा है। वहीं हमारा नौकरशाह वर्ग सप्ताह में 40 घंटे ही काम कर रहा है। यही वजह है कि वे पीछे जा रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने साफ कहा कि वह और उनका विभाग सप्ताह में 120 घंटे काम कर रहे हैं। इसका औसत निकालें तो यह सप्ताह में हर दिन करीब 17 घंटे होता है। माना जा रहा है कि उन्होंने अलग तरीके से ही सही, लेकिन सरकारी कर्मचारियों और नौकरशाहों और प्रति दिन 17 घंटे काम करने की सलाह दी है। एलन मस्क की पोस्ट पर कई यूजर्स ने मजेदार टिप्पणियां भी की हैं। एक यूजर ने लिखा कि नौकरशाहों को इस बात के लिए जवाबदेह बनाना चाहिए कि वे अमेरिकियों की मदद करें। वहीं एक यूजर ने लिखा कि एलन मस्क की सफलता का यही राज है। इसीलिए उनकी कंपनियां तेजी से ग्रोथ करती हैं, जबकि दूसरे लोग सप्ताह में 40 घंटे ही काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग उनकी निंदा करते हैं, लेकिन यह भी देखा जाए कि वह कितना काम करते हैं। वहीं कुछ लोगों ने एलन मस्क को अपनी और कर्मचारियों की सेहत का भी ख्याल करने की सलाह दी है। सिराज/ईएमएस 05 फरवरी 2025