मनोरंजन
05-Feb-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। छोटे परदे की लोकप्रिय अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश पुन: छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी कर रही हैं। अब तेजस्वी ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में अपने कुकिंग टैलेंट का जलवा बिखेरने जा रही हैं। हाल ही में तेजस्वी ने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, रोहित शेट्टी एक बेहतरीन इंसान हैं। वह मुझे बहुत पसंद करते हैं और हमारे बीच हमेशा खूब मस्ती होती है। तेजस्वी ने आगे बताया कि रोहित जितने बाहर से सख्त दिखते हैं, उतने ही अंदर से नरम दिल के हैं। उनके मुताबिक, रोहित शेट्टी बेस्ट जज हैं और वह हमेशा अच्छे इरादों वाले लोगों को सपोर्ट करते हैं। तेजस्वी ने ‘खतरों के खिलाड़ी 10’ के बाद रोहित शेट्टी की पहली मराठी फिल्म ‘स्कूल कॉलेज आनी लाइफ’ में भी काम किया था। इस फिल्म में उनके साथ करण परब मुख्य भूमिका में थे। फिल्म की कहानी एक युवा के जीवन की संघर्ष और खुशियों से जुड़ी थी, जिसे रोहित शेट्टी ने पवित्रा गांधी और विवेक शाह के साथ मिलकर बनाया था। अब तेजस्वी ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में अपने नए अवतार में नजर आएंगी, जहां उनके साथ निक्की तंबोली, राजीव अदातिया, गौरव खन्ना, दीपिका कक्कड़, अभिजीत सावंत, अर्चना गौतम, फैसल शेख (मिस्टर फैसू), उषा नाडकर्णी, कविता सिंह और चंदन प्रभाकर जैसे कई अन्य सेलिब्रिटीज भी प्रतियोगी के रूप में शामिल हैं। इस शो का प्रसारण सोनी टीवी पर शुरू हो चुका है। तेजस्वी प्रकाश के इस नए सफर को लेकर उनके प्रशंसक बेहद उत्साहित हैं। अब देखने वाली बात होगी कि वह कुकिंग की इस प्रतियोगिता में कितना आगे तक जाती हैं और क्या ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ का खिताब अपने नाम कर पाती हैं या नहीं। बता दें कि तेजस्वी ‘बिग बॉस 15’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 10’ जैसी रियलिटी शोज में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। सुदामा/ईएमएस 05 फरवरी 2025