अंतर्राष्ट्रीय
04-Feb-2025
...


भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर का विशेष धन्यवाद किया रियाद,(ईएमएस)। सऊदी अरब में एक साल तक जेल में बंद भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता जहैक तनवीर रिहा हुए हैं। जहैक को दिसंबर 2023 में पाकिस्तान विरोधी कंटेंट पोस्ट करने के आरोप में सऊदी अरब में गिरफ्तार किया था। एक साल से ज्यादा समय बाद वे छूटे हैं। बाहर आने के बाद तनवीर ने सोशल मीडिया पर अपनी रिहाई की पुष्टि की है। उन्होंने इतने समय तक जेल में रखने पर निराशा जाहिर करने के साथ भारत का धन्यवाद भी किया। जहैक ने अपनी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए भारतीय दूतावास को धन्यवाद दिया है। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारतीय राजनयिक सुहेल एजाज खान का जहैक ने विशेष धन्यवाद दिया है। जहैक बताया कि भारतीय अधिकारी जेल में उनसे अक्सर मिलने आते थे और उन्हें हर तरह से मदद करते थे। 39 वर्षीय तनवीर ने बताया कि उन्हें दिसंबर 2023 में पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की शिकायत के बाद सऊदी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप लगा था कि उन्होंने पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की। तनवीर का कहना है कि उन्हें नहीं पता था कि सऊदी अरब में पाकिस्तान के खिलाफ बोलना मना है। तनवीर ने बताया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद लंबे समय तक बैठाए रखा। कई घंटों तक उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के बारे में नहीं बताया गया। लंबी पूछताछ के बाद अधिकारियों ने कहा कि आप पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच तनाव पैदा करना चाहते हैं। तनवीर ने कहा कि उनकी पोस्ट का उद्देश्य कोई राजनयिक दरार पैदा करना नहीं था। जहैक मे कहा कि मैंने सिर्फ पाकिस्तान में कट्टरपंथ को बढ़ावा देने और पाकिस्तानी जेलों में अफगान बच्चों को बंद करने पर लिखा था। जहैक ने कहा कि इस घटना के दौरान रियाद में भारतीय दूतावास ने मेरा पूरा समर्थन किया। जहैक ने दूतावास को उनकी निरंतर भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। इसमें उनके परिवार से मिलना, नैतिक समर्थन और कानूनी जटिलताओं को समझने में मदद करना शामिल था। उन्होंने कहा कि दूतावास सऊदी अधिकारियों के साथ संपर्क में रहा और इसकी दृढ़ता ने मेरी रिहाई में योगदान दिया। जहैक तनवीर का भारत के शहर हैदराबाद से ताल्लुक है। अपनी गिरफ्तारी से पहले वह 13 साल से सऊदी में रह रहे थे। आशीष दुबे / 04 फरवरी 2025