-मध्य प्रदेश सुबह और रात में ठंड, राजस्थान में हो सकती है बारिश नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के 14 राज्यों में रविवार को कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदला है। हल्के बादल छाए और धूप कम निकली। इससे दिन के तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश अब सुबह और रात में ही ठंड का असर रहेगा, जबकि दिन में धूप निकलेगी। फरवरी के पहले दिन ऐसा ही मौसम रहा। मंडला, मलाजखंड, खंडवा और खरगोन में तापमान 32 डिग्री के पार रहा। जम्मू-कश्मीर में फिर से बर्फबारी हुई। लद्दाख के कुछ इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अगले पांच दिनों में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान समेत सभी नॉर्थ-वेस्ट राज्यों में 2 से 3 डिग्री का तापमान बढ़ सकता है। विभाग ने दिल्ली में रविवार को कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान 24 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राजस्थान में सोमवार से फिर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर में दिन का तापमान गिर गया है। 3 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उसके प्रभाव से 3-4 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में राजस्थान के कई शहरों में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। जयपुर, सीकर, अलवर में मौसम के बदलाव से यहां दोपहर बाद हल्की ठंडी हवा चली और ठंडक बढ़ गई। हरियाणा में लगातार मौसम बदल रहा है। आज सिरसा के रानियां में घनी तो पलवल, जींद, रेवाड़ी और नारनौल में हल्की धुंध है। रानियां में विजिबिलिटी 80 से 100 मीटर है। तेज शीतलहर चल रही है। इससे दिन के तापमान में कमी आएगी। पंजाब में रविवार को कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। शनिवार रात से ही राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाना शुरू हो गया था। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को पंजाब में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया, लेकिन सोमवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। छत्तीसगढ़ में लगातार दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। जनवरी के आखिरी हफ्ते में ही ठंड गायब हो गई। फरवरी लगते ही गर्मी सताने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। सिराज/ईएमएस 02फरवरी25