राज्य
02-Feb-2025
...


इन्दौर (ईएमएस) वित्त मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार श्रमण संस्कृति के महामहिम संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज के प्रथम समाधि स्मृति दिवस दिनाँक 6 फरवरी 2025 को उनकी स्मृति स्वरूप भारत ₹100 का सिक्का जारी किया जा रहा है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि सिक्के का आकार वृताकार 44 मिली मीटर का होगा इसमें चतुर्थक मिश्र धातु का उपयोग किया जाएगा जिसमें चांदी 50%, तांबा 40%, निकिल 5%, जस्ता 5% होगा। सिक्के के अग्रभाग के मध्य में अशोक स्तंभ का चिन्ह स्तंभ शीर्ष होगा जिसके नीचे सत्यमेव जयते लेख उत्कीर्णित होगा उसकी बांई परिधि पर देवनागरी लिपि में भारत शब्द और दाएं परिधि पर अंग्रेजी में INDIA शब्द होगा। सिंह स्तंभ शीर्ष के नीचे रुपए का प्रतीक चिन्ह ₹ और अंतरराष्ट्रीय अंकों में अंकित मूल्य 100 भी होगा। वहीं सिक्के के पृष्ठ भाग में संत शिरोमणि दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर मुनि का चित्र होगा चित्र के नीचे अंतर्राष्ट्रीय अंकों में वर्ष 1946 - 2024 लिखा होगा। चित्र की बाई तरफ कमंडल और दाएं तरफ पिच्छी का चित्र होगा। सिक्के की ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में संत शिरोमणि दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महामुनिराज एवम अंग्रेजी में SANT SHIROMANI DIGAMBAR JAINACHARYA VIDYASAGAR MAHAMUNIRAJ अंकित होगा। इस सिक्के का मानक वजन 35 ग्राम होगा। भारत सरकार के इस निर्णय पर इंदौर दिगम्बर जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन महावीर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित कासलीवाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका हंसमुख गांधी टीके वेद, आजाद जैन, मंयक जैन एवं फेडरेशन की राष्ट्रीय शिरोमणि संरक्षिका पुष्पा कासलीवाल, परवार समाज महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन, सचिव सारिका जैन, रेखा जैन आदि समंग्र जैन समाज ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। आनन्द पुरोहित/ 02 फरवरी 2025