राज्य
01-Feb-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। चुनाव प्रचार अपने चरम पर है और हर पार्टी अपना पूरा जोर लगाए हुए है। ऐसे ही चुनाव प्रचार के लिए आप विधायक व प्रत्याशी महेंद्र गोयल रिठाला के सेक्टर-11 गए थे, जहां उन पर आज हमला हो गया। महेंद्र गोयल की टीम ने उनके ही एक्स अकाउंट से उन पर हुए हमले का वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में झड़प देखी जा सकती है। कहा जा रहा है कि हमले के बाद महेंद्र गोयल बेहोश हो गए थे। महेंद्र गोयल पर हुए हमले की दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा की बौखलाहट बताया है। आम आदमी पार्टी ने हमले के बाद का एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें गोयल बेहोश दिखाई दे रहे हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। आप ने वीडियो डालते हुए पोस्ट किया है, हार से बौखलाई बीजेपी अब आप प्रत्याशियों की जान लेने पर उतरी, बीजेपी ने अपने गुंडों से आप विधायक महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या करने की कोशिश की। दिल्ली की जनता भाजपा को वोट नहीं दे रही तो क्या अब भाजपा, आप प्रत्याशियों की हत्या करवा कर चुनाव जीतेगी। ये चुनाव आयोग कहां कुम्भकर्णी नींद सो रहा है जिसे बीजेपी की गुंडागर्दी दिखाई नहीं दे रही है। दिल्ली की जनता सब देख रही है, भाजपा को असली चोट दिल्लीवाले 5 फरवरी को देंगे। मनीष सिसोदिया ने घटना की निंदा करते हुए एक्स पोस्ट किया, हार से बौखलाई बीजेपी अब आप नेताओं की हत्या करवाने पर उतारू! भाजपा अब चुनाव जीतने के लिए खून बहाने पर उतर आई है! बीजेपी के गुंडों ने आप विधायक महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला किया– क्या भाजपा अब आप नेताओं की हत्या करवा कर सत्ता हथियाएगी? चुनाव आयोग आंख मूंदकर कब तक बैठा रहेगा? दिल्ली की जनता 5 फरवरी को इस गुंडागर्दी का करारा जवाब देगी! अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/फरवरी /2025