- पूर्व विधायक भी छोड़ा साथ रांची (ईएमएस)। झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश महिला अध्यक्ष रानी कुमारी समेत चार बड़े पदाधिकारियों ने चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में गढ़वा के पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। राजद की प्रदेश महिला अध्यक्ष रानी कुमारी ने पार्टी से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। रानी ने रांची सीट से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देकर गुलाबी सेना के बैनर तले चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वे पिछले 34 साल से राजद का झंडा ढो रही थीं, लेकिन पार्टी ने उनके साथ न्याय नहीं किया। विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह को टिकट दिए जाने से नाराज युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता रवि प्रकाश जायसवाल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पार्टी के लिए श्यामदास सिंह यादव काम कर रहे थे, लेकिन उनके बदले किसी और को टिकट मिल गया। पूर्व विधायक ने थामा सपा का दामन गढ़वा के पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने भी राजद को अलविदा कहकर समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है। उन्होंने पार्टी के झारखंड राज्य प्रभारी व्यास गोंड की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की टोपी और गमछा पहनकर पार्टी की सदस्यता ली। गिरिनाथ सिंह गढ़वा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नीतियों पर भरोसा रखते हुए वे जनता की सेवा करेंगे।