क्षेत्रीय
23-Oct-2024


पलामू(ईएमएस)।हुसैनाबाद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विधायक कमलेश कुमार सिंह ने बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन किया। इस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा शामिल हुए। नामांकन से पूर्व हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में जनसभा की गयी।जनसभा को संबोधित करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो पहले कैबिनेट में हुसैनाबाद को जिला बनाया जाएगा एवं इसके नाम को बदल दिया जाएगा। हुसैनाबाद का नाम रामकृष्ण या वीरों के नाम पर होगा। हिमंता बिस्वा सरमा ने करीब 35 मिनट तक भाषण दिया। इस दौरान घुसपैठ से लेकर हेमंत सोरेन की नीतियों के खिलाफ कई सवाल उठाए।उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनेगी। हरियाणा में सभी रिकॉर्ड टूटा है। झारखंड में भ्रष्टाचार परिवारवाद एक बड़ा मुद्दा है। हुसैनाबाद से भाजपा प्रत्याशी कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि बालू पर रोक ने आम लोगो का नुकसान किया है। राज्य से पहाड़ और जंगल गायब कर दिया गया है। भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। कर्मवीर सिंह/23अक्टूबर24